मंडी में भाजयूमो का धरना-प्रदर्शन फूंका जगत सिंह नेगी का पुतला, पुलिस से धक्का-मुक्की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 24 नवंबर (हि.स.)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से भारतीय सेना के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मंडी ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी का पुतला फूंककर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। पुतला दहन के दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद और जिला महामंत्री कर्ण कौंडल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर धरना दिया। इसके बाद मंडी शहर में रैली निकालकर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने सेना के सम्मान और स्वाभिमान के समर्थन में नारेबाजी करते हुए राजस्व मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसी बीच जब कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी का पुतला जलाया तो पुलिस उसे बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने पानी डालकर जलते हुए पुतले को बुझाने का प्रयास किया। इस पर भाजयुमो कार्यकर्ता विरोध करने लगे। देखते ही देखते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के पुतला बुझाने के प्रयास का विरोध करते हुए नारेबाजी जारी रखी।
भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है। सेना के जवानों के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से राजस्व मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा