चार साल तक महिलाओं को उनके हक से वंचित रखने वाली कांग्रेस को चुनावी वर्ष में आई गारंटी की याद : पायल वैद्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर महिलाओं से किए गए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चार साल तक महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखने के बाद अब चुनावी वर्ष में सरकार को अपनी गारंटी याद आ रही है। यह महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता नहीं, बल्कि चुनाव नजदीक आते ही उन्हें गुमराह करने की राजनीतिक कोशिश है।
पायल वैद्य ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की सभी महिलाओं को पहली कैबिनेट में 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। उस समय पात्रता को लेकर कोई शर्त नहीं रखी गई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने इस वादे को चार साल तक ठंडे बस्ते में रखा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस आयु वर्ग की करीब 28 लाख महिलाएं हैं, जबकि अब योजना का लाभ केवल 3.50 लाख महिलाओं तक सीमित किया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि बाकी 24.50 लाख महिलाओं को इस गारंटी से बाहर रखने का क्या कारण है।
उन्होंने सवाल उठाया कि 3.50 लाख महिलाओं को भी 1500 रुपये मासिक देने के लिए सालाना करीब 630 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। सरकार बताए कि इसके लिए बजट का प्रावधान कहां से किया गया है और महिलाओं के खातों में पहली किस्त कब आएगी।
पायल वैद्य ने कहा कि केवल कैबिनेट की मंजूरी से महिलाओं को आर्थिक सहायता नहीं मिलती, इसके लिए ठोस बजट और समयबद्ध भुगतान जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के 'अपना परिवार सुखी परिवार' के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के 18 लाख परिवारों में कितने परिवार वास्तव में सुखी हुए हैं?
उन्होंने मांग की कि सरकार सभी महिलाओं को 1500 रुपये देने की तारीख और चार साल की बकाया राशि पर स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि महिलाएं कोई एहसान नहीं, बल्कि कांग्रेस द्वारा किए गए वादे का हिसाब मांग रही हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाएं सरकार से अधूरी गारंटियों का जवाब जरूर मांगेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा