प्रशासन ने मॉकड्रिल कर आपदा से निपटने की तैयारियां परखी
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस पर जिले के नौ अलग-अलग स्थानों पर वृहद मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बाढ़, भूस्खलन, बादल फटना, आग लगना, भवन क्षतिग्रस्त होना, सड़क दुर्घटना, भूकंप एवं रासायनिक रिसाव जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान लक्ष्मणझूला क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति का अभ्यास किया गया। पौड़ी ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ एवं आग लगने की स्थिति पर घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने और आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों के लिए हेलीकॉप्टर रेस्क्यू की व्यवस्था एवं समन्वय का अभ्यास किया गया। भारी बारिश के कारण ऊपरी हिमालयी क्षेत्र में बाढ़ एवं जीवीके डैम श्रीनगर के प्रभावित होने की स्थिति पर राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय करने, खोज एवं बचाव अभियान संचालित करने तथा संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
चाकीसैंण के ग्राम दौला में भूस्खलन एवं बादल फटने से दो मकानों के पूरी तरह तथा तीन मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालने, क्षतिग्रस्त भवनों का आकलन करने तथा राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। अभ्यास की निगरानी कलेक्ट्रेट सभागार स्थित आपदा परिचालन केंद्र से की गई। यहां से विभिन्न स्थानों पर संचालित गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सूचनाओं का आदान-प्रदान और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, एसएसबी के अधिकारी नयाल सिंह, श्याम प्यारे आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह