केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत 13 क्षेत्रों के 200 से अधिक हितधारकों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठकें पूर्ण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-बजट पूर्व तैयारी से संबंधित बैठकों में क्षेत्र-विशिष्ट एआई मॉडल लाने, किराये के मकानों को बढ़ावा देने के सुझाव
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 13 क्षेत्रों के 200 से अधिक हितधारकों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठकें पूरी कर ली हैं। बजट पूर्व बैठकों में कई महत्पपूर्ण सुझावों पर व्यापक चर्चा हुई।
वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए तैयारियों के तहत व्यापक पूर्व-बजट परामर्श की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन पूर्व-बजट परामर्शों में 13 क्षेत्रों और हितधारक समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया।
मंत्रालय ने कहा कि इन बैठकों के दौरान क्षेत्र-विशिष्ट कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडलों के विकास, किफायती आवास के लिए किराये के मकानों को बढ़ावा देने व रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर पैदा करने के लिए मझोले एवं छोटे शहरों के विकास में तेजी लाने सहित कई सुझाव दिए गए।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक बजट पूर्व बैठक में हितधारकों ने जैव उर्वरकों और जैव प्रौद्योगिकी आधारित उन्नत कृषि सामग्रियों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उपाय भी सुझाए। ग्रामीण युवाओं और श्रमिकों को कृषि से इतर उत्पादक रोजगार तथा टिकाऊ उद्यमों की ओर बढ़ने में मदद देने के लिए लक्षित कदम उठाने का सुझाव दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर