Live VNS

दस साल में मलेरिया और इससे होने वाली मौत के मामलों में करीब 80 प्रतिशत की कमी: राष्ट्रपति

दस साल में मलेरिया और इससे होने वाली मौत के मामलों में करीब 80 प्रतिशत की कमी: राष्ट्रपति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-आईसीएमआर-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह का राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत ने मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2015 से 2025 के बीच देश में मलेरिया के मामलों और इससे होने वाली मौतों में करीब 80 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मलेरिया से सर्वाधिक प्रभावित जिलों की संख्या भी 155 से घटकर 33 रह गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से 2025 के दौरान देश के 160 जिलों में मलेरिया का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आया। यह उपलब्धि वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सरकार और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

राष्ट्रपति मंगलवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (एनआईएमआर) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन कर रही थीं। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने संस्थान से जुड़े वर्तमान और पूर्व वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों को 50 वर्षों की वैज्ञानिक सेवा और मलेरिया नियंत्रण में योगदान के लिए बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया लंबे समय तक भारत की सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में इस बीमारी का व्यापक प्रभाव देखने को मिला।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि गांवों में मलेरिया के कारण लोगों की आजीविका, शिक्षा और भविष्य प्रभावित होते देखा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मरीजों को दवाओं का निर्धारित कोर्स पूरा करने के प्रति जागरूक करना जरूरी है, ताकि बीमारी का प्रभावी उपचार हो और दोबारा संक्रमण का खतरा कम किया जा सके।

राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया के खिलाफ मिली सफलता को बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरतनी होगी। इसके लिए जांच, उपचार और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ मच्छरों पर नियंत्रण, नई दवाओं और टीकों के विकास तथा जनजागरूकता अभियान को गति देनी होगी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ हर उस गांव और समुदाय तक पहुंचना चाहिए, जहां इसकी सबसे अधिक जरूरत है।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ते प्रतिरोध को मलेरिया नियंत्रण के सामने उभरती चुनौतियां बताया। राष्ट्रपति ने जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और पर्यावरण प्रबंधन को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने भुवनेश्वर में विकसित किए जा रहे स्वदेशी मलेरिया टीके में आईसीएमआर-एनआईएमआर के योगदान की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वदेशी टीके का विकास देश को मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में मददगार होगा।

मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य पर काम करे आईसीएमआर: नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि आईसीएमआर-एनआईएमआर का योगदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में जो प्रगति की है, वह वैज्ञानिक अनुसंधान, मच्छरों के व्यवहार और मलेरिया परजीवी की समझ, सामुदायिक भागीदारी, प्रभावी रोकथाम, समय पर जांच और उचित उपचार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि दुनिया की लगभग 16 प्रतिशत आबादी भारत में रहती है लेकिन वैश्विक मलेरिया मामलों में भारत की हिस्सेदारी करीब 0.7 प्रतिशत और मलेरिया से होने वाली मौतों में हिस्सेदारी लगभग 0.6 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2024 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट (एचबीएचआई) पहल से बाहर निकलने में सफल रहा है। यह देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और मलेरिया नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत वर्ष 2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करेगा।

स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि संस्थान ने मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों, परजीवी जीवविज्ञान, कीटनाशक प्रतिरोध, उपचार और जांच तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने ओडिशा सरकार के सहयोग से संचालित व्यापक केस मैनेजमेंट परियोजना का उल्लेख किया।

समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आईसीएमआर-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की स्वर्ण जयंती के अवसर पर स्मारक डाक टिकट जारी किया। डाक सेवा बोर्ड की सदस्य मरियम्मा थॉमस ने इस डाक टिकट का परिचय दिया।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने संस्थान की 50 वर्षों की वैज्ञानिक उपलब्धियों और अनुसंधान यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा आईसीएमआर-एनआईएमआर रिसर्च जर्नी: फाइव डिकेड्स ऑफ साइंस, सर्विस एंड इम्पैक्ट पुस्तक का विमोचन किया। दोनों पुस्तकों की पहली प्रतियां राष्ट्रपति को भेंट की गईं।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप अन्विकर ने वीडियो फिल्म के माध्यम से पिछले पांच दशकों में एनआईएमआर की अनुसंधान यात्रा और मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों में उसके योगदान को प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…