Live VNS

गुरु पर्व सभी धर्मों का साझा उत्सव, समागम में शामिल होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करें-गुरुद्वारा कमेटी

गुरु पर्व सभी धर्मों का साझा उत्सव, समागम में शामिल होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करें-गुरुद्वारा कमेटी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कठुआ, 23 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर कठुआ के सावन चक स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा की कमेटी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय धार्मिक समागम की जानकारी देते हुए कठुआ सहित जम्मू-कश्मीर की समस्त संगत और सभी बिरादरियों के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया।

कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंगलवार को सुबह साढ़े नौ बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा जिसके उपरांत विशेष दीवान सजाया जाएगा। धार्मिक समागम में कीर्तन एवं गुरबाणी के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से अवगत करवाया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर करीब ढाई बजे तक चलेगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमेटी ने विशेष रूप से कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया है। गुरु पर्व किसी एक धर्म या बिरादरी तक सीमित नहीं बल्कि यह समूची मानवता का साझा उत्सव है। इसी भावना के तहत हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित सभी धर्मों और समुदायों के लोगों का गुरुद्वारा साहिब में स्वागत एवं सत्कार किया जाएगा। कमेटी ने कठुआ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों की संगत से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर धार्मिक समागम में हिस्सा लें और गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…