Live VNS

मधुमेह से बचाव की शुरुआत गर्भकाल से करें: डॉ. जैन

मधुमेह से बचाव की शुरुआत गर्भकाल से करें: डॉ. जैन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

गर्भावस्था से किशोरावस्था तक स्वस्थ पोषण और सक्रिय जीवनशैली से रखें अगली पीढ़ी की नींव

जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। टाइप-2 मधुमेह की रोकथाम के लिए केवल वयस्क अवस्था में खानपान सुधारना पर्याप्त नहीं है। इसके जोखिम बनने से रोकने की शुरुआत गर्भावस्था के शुरुआती चरण से होनी चाहिए। गर्भ में शिशु का पोषण, जन्म के बाद की आहार संबंधी आदतें और बचपन से किशोरावस्था तक की जीवनशैली भविष्य के स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं।

एनएनएफ जोधपुर के अध्यक्ष एवं आईएमए सचिव वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन ने बताया कि ‘प्रिमॉर्डियल प्रिवेंशन’ अर्थात आदिम रोकथाम का उद्देश्य मोटापा, अस्वस्थ भोजन और शारीरिक निष्क्रियता जैसे जोखिम कारकों को विकसित होने से पहले ही रोकना है। इसके लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर ऐसा वातावरण बनाना होगा, जिसमें स्वस्थ भोजन और नियमित खेलकूद बच्चों के दैनिक जीवन का सहज हिस्सा हों। गर्भधारण से पहले महिला का स्वस्थ वजन और संतुलित पोषण महत्वपूर्ण हैं।

गर्भावस्था के आरंभ से पर्याप्त एवं विविध आहार, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार शारीरिक गतिविधि तथा उचित वजन वृद्धि पर ध्यान देना चाहिए। दो लोगों के लिए खाना समझकर जरूरत से ज्यादा भोजन करना उचित नहीं है। गर्भवती महिला को कुपोषण और अत्यधिक वजन वृद्धि, दोनों से बचाना आवश्यक है। गर्भावस्था में बढ़ी हुई रक्त शर्करा का संबंध बच्चे में आगे चलकर मोटापे और टाइप-2 मधुमेह के अधिक जोखिम से है। इसलिए समय पर प्रसवपूर्व जांच, मधुमेह की जांच और जरूरत होने पर उसका नियंत्रण जरूरी है। हालांकि, गर्भकालीन जोखिम का अर्थ यह नहीं कि बच्चे को भविष्य में मधुमेह होना निश्चित है।

जन्म से दो वर्ष तक बनाएं स्वस्थ पोषण की नींव

जहां संभव हो, जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू कराएं और पहले छह महीने केवल मां का दूध दें। छह महीने पूरे होने पर सुरक्षित, पौष्टिक एवं विविध पूरक आहार शुरू करें और दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखें। बच्चे को भूख और पेट भरने के संकेतों के अनुसार खिलाएं। जबरदस्ती खिलाना, मीठे पेय देना या मिठाई को पुरस्कार बनाना स्वस्थ आदतों के विकास में बाधा डाल सकता है।

कम जन्म वजन या समयपूर्व जन्म वाले शिशुओं में पोषण और वृद्धि की निगरानी चिकित्सकीय मार्गदर्शन में होनी चाहिए। घर का संतुलित भोजन, दालें, साबुत अनाज, सब्जियां, साबुत फल और आयु के अनुरूप प्रोटीन स्रोत नियमित आहार में शामिल करें। मीठे पेय, पैकेटबंद जूस और अधिक चीनी, नमक या वसा वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें। प्यास लगने पर पानी को प्राथमिकता दें।

किशोरों को शरीर के आकार पर ताने देने या कठोर डाइटिंग कराने के बजाय पूरे परिवार में स्वस्थ आदतें अपनाएं। नियमित भोजन, खेलकूद, पर्याप्त नींद और तंबाकू से दूरी को प्रोत्साहित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…