Live VNS

अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर विहिप ने शुरू किया हितचिंतक अभियान

अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर विहिप ने शुरू किया हितचिंतक अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बाराबंकी, 22 नवंबर (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन को जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के हितचिंतक अभियान का शुभारंभ रविवार को शहर के सहाय लॉज में किया गया। शिवा योग पीठम आश्रम के संत स्वामी चेतनानंद महाराज, विश्व हिंदू परिषद के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख राजेश एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए हिंदू समाज को एकजुट एवं संगठित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख राजेश ने कहा कि पूज्य संतों के मार्गदर्शन में अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया। 21 महीने जेल में रहने के बावजूद उनका ध्येय और संघर्ष निरंतर जारी रहा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन हिंदू समाज के उत्थान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया। बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी, विशेष संपर्क, सेवा कार्य और गो रक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका रही। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन, रामसेतु आंदोलन, बाबा अमरनाथ यात्रा और हिंदू सम्मेलनों के माध्यम से समाज को जागृत करने के उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे।

स्वामी चेतनानंद महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अशोक सिंघल का संपूर्ण जीवन हिंदू समाज के लिए संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की कार्यपद्धति और गतिविधियों को नई दिशा प्रदान की, जिससे हिंदू समाज की चेतना के जागरण को गति मिली।

राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन, उनके कार्य और आंदोलन सदैव हिंदू समाज की चेतना के केंद्र में रहेंगे। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हिंदू समाज की जागृत चेतना का परिणाम है। उन्होंने आह्वान किया कि हिंदू समाज जागरूक, एकजुट और संगठित रहे तथा सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य करे। इसके लिए सभी लोगों को विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान से जुड़ना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि हितचिंतक अभियान को प्रत्येक व्यक्ति, घर और क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि हिंदू समाज को जोड़ना, जागरूक करना और संगठित करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री राहुल कुमार ने किया।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री अखिल, बृजेश वैश्य, नेहा मिश्रा, संतोष सिंह, राम सिंह, भुल्लन वर्मा, अमित गुप्ता, ब्रह्म प्रकाश, तुलसीराम, वीरेंद्र, कमलेश शुक्ला, ज्ञानेश्वरी, विजय बजरंगी, मनीष कनौजिया सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं हिंदू समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…