सोनीपत 20 लाख रुपये के लेनदेन में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, पिता ने लगाए गंभीर आरोप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सोनीपत, 14 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल की हत्या
के मामले में शनिवार काे नया खुलासा हुआ है। मृतक के पिता साहब सिंह ने आरोप लगाया है कि बरोदा
गांव निवासी रामपाल ने उनके बेटे से चार-पांच महीने पहले 18 से 20 लाख रुपये उधार लिए
थे। जब भी बिजेंद्र उससे पैसे वापस मांगता था तो वह उसे जान से मारने की धमकी देता
था। इस लेनदेन को लेकर एक-दो बार पंचायत भी हुई थी। पिता ने इस हत्याकांड में रामपाल
पर शक जताते हुए पुलिस से इंसाफ की मांग की है।
साहब सिंह ने बताया कि उनका 40 वर्षीय बेटा पिछले आठ-नौ साल
से प्रॉपर्टी का काम कर रहा था। गोहाना में उसका अपना कार्यालय था और वह 10-12 अन्य
युवकों के साथ मिलकर कारोबार करता था। शुक्रवार देर शाम बिजेंद्र कार्यालय बंद करके
घर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं। पिता के अनुसार, उन्हें
जानकारी मिली है कि बेटे को 15 से 20 गोलियां मारी गईं और वारदात में चार-पांच बदमाश
शामिल थे। उन्होंने बताया कि बेटे के खिलाफ कोई मामला नहीं था।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग के नाम से
एक पोस्ट भी वायरल हुई थी। इसमें वीरेंद्र चारण ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा
किया था कि बिजेंद्र ने उनके साथी रामपाल पर हमला कराया था। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट
की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। गोहाना के एसीपी राजीव कुमार ने बताया कि साहब सिंह के बयान
पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें वर्ष 2021-22 में रामपाल के साथ हुए विवाद का भी
जिक्र है। मामले की जांच के लिए आठ से दस पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी
फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में शामिल लोगों की पहचान
कर रही है। एसीपी ने बताया कि प्राथमिकी में फिलहाल एक व्यक्ति का नाम
सामने आया है। वायरल पोस्ट की भी जांच की जा रही है, क्योंकि किसी के नाम से भी ऐसी
पोस्ट प्रसारित की जा सकती है। वहीं, मृतक के खिलाफ पहले तीन-चार मुकदमे दर्ज होने
की जानकारी मिली है। पुलिस इनकी भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना