Live VNS

परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में छात्र संगठनों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में छात्र संगठनों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में छात्र संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है। शुल्क वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई और एबीवीपी दोनों संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। दोनों संगठनों ने आज यहां विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र केंद्रीय कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और परीक्षा शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से झड़प होने पर एनएसयूआई के कई कार्यकर्ताओं को वहां से बस में भरकर ले जाया गया।

एनएसयूआई के कार्यकर्ता शहर जिलाध्यक्ष बबलू सोलंकी और कार्यकारी ग्रामीण जिलाध्यक्ष सोमराज गोदारा के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर कुलगुरु को ज्ञापन देने विश्वविद्यालय के हेड ऑफिस पहुंचे तो पुलिस ने गेट बंद कर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस पर कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इसके बाद गेट पर चढक़र अंदर घुसने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई जिसके बाद कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। कुछ समय बाद पुलिस ने उन्हें उठाकर बस में बैठाया और वहां से ले गई। एनएसयूआई की जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के नियमित विद्यार्थियों एवं संबद्ध राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षा फीस में इस सेमेस्टर में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने सहित 18 तरह की मांग है।

एनएसयूआई ने कहा कि जिन छात्रों ने बढ़ा हुआ शुल्क जमा कर दिया है, उन्हें वह राशि वापस दी जाए अथवा उसे अगले सेमेस्टर के शुल्क में एडजस्ट किया जाए। एनएसयूआई के शहर जिलाध्यक्ष बबलू सोलंकी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों के परीक्षा शुल्क में 900 रुपये तक की वृद्धि की है। इसके अलावा विश्वविद्यालय कैंपस के छात्रों का परीक्षा शुल्क भी 200 रुपये तक बढ़ाया गया है। साथ ही सभी तरह के कोर्स भी महंगे कर दिए गए हैं। वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में अकाल की स्थिति बनी हुई है। वहां के छात्र यह बढ़ा हुआ शुल्क वहन नहीं कर पाएंगे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस बल ने उन्हें कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया। काफी देर तक मशक्कत हुई। इसके बाद पुलिस कार्यकर्ताओं को बस में भरकर ले गई। इधर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता केंद्रीय कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी महाविद्यालयों के संचालकों ने भी केंद्रीय कार्यालय पर विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का रुख अपना रखा है। गुरुवार को उन्होंने धरना शुरू किया था। संचालकों की भी मांग है कि विश्वविद्यालय परीक्षा और पाठ्यक्रम से जुड़े शुल्कों में की गई बढ़ोतरी को वापस ले। उन्होंने कहा कि इसके अभाव में महाविद्यालयों का संचालन प्रभावित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…