जींद : दो माह से घरों में पहुंच रहा गंदा पानी, महिलाओं ने मटके फोड़ कर जताया रोष

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। जुलाना कस्बे की पुरानी अनाज मंडी में पेयजल सप्लाई में गंदा पानी आने से परेशान लोगों का गुस्सा गुरूवार को को फूट पड़ा। महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर जनस्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन भानू प्रकाश मौके पर पहुंचे और लोगों को समस्या का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
पुरानी अनाजमंडी निवासी रमेश जिंदल, सुरेश, मनोज कुमार, राजेश, अंकित, राजू और रमन सिंगला ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पिछले कई वर्षों से पेयजल सप्लाई की समस्या बनी हुई है। पिछले करीब दो माह से घरों में आने वाले पानी में गंदगी और सीवरेज का दूषित पानी मिल कर आ रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि नई पाइपलाइन बिछने के बाद उन्हें स्वच्छ पेयजल मिलेगा लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि पेयजल पाइप लाइन में सीवरेज का गंदा पानी मिल कर घरों तक पहुंच रहा है। दूषित पानी की सप्लाई के कारण लोगों को बीमारियां फैलने का डर भी सता रहा है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर अपना रोष जताया और सरकार से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की। मौके पर पहुंचे एक्सईएन भानू प्रकाश ने लोगों की समस्याएं सुनी और जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिलाया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा