उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में 4 हजार 164 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान रविवार को आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जयपुर प्रथम जिले में 4164 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के 4 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के बाद आगामी दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक से वंचित बच्चों को दवा पिलाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी निर्धारित बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी टीकाकरण बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान के दौरान जिला स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से मॉनिटरिंग करेंगे।
आरसीएचओ जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गठित मोबाइल टीमें घर-घर जाकर खुराक से वंचित बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के लिए 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 140 ट्रांजिट टीमें और 170 मोबाइल टीमें भी कार्य करेंगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर उसे पोलियो की खुराक पिलाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश