राजस्थान में पंच-सरपंच चुनाव का अंतिम चरण, 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता आज करेंगे मतदान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण के तहत आज 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चरण में 3,747 सरपंचों के साथ 33,885 वार्ड पंच चुने जाएंगे। मतदान के लिए 11,905 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 54.88 लाख पुरुष और 51.05 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।
मतदान शुरू होते ही कई जिलों में बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई देने लगीं।
सीकर की फतेहपुर पंचायत समिति की भींचरी ग्राम पंचायत में सुबह-सुबह महिलाओं की 100 मीटर से अधिक लंबी कतार नजर आई। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में भी कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही महिला और पुरुष मतदाता कतार में खड़े दिखाई दिए।
पंचायत चुनाव में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं का उत्साह भी देखने को मिला। बालोतरा के भीमरलाई स्टेशन स्थित बूथ संख्या 21 पर 95 वर्षीय महिला व्हीलचेयर के सहारे मतदान करने पहुंचीं।
वहीं श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ क्षेत्र में 90 वर्षीय माया बाई लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं। जैसलमेर की लाठी ग्राम पंचायत में भी बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर व वॉकर की सहायता से मतदान करने पहुंचे। जैसलमेर की रामगढ़ पंचायत समिति की भोजराजपुरम ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया है। यहां पंच और सरपंच पद के लिए किसी भी व्यक्ति ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
दूसरी ओर भरतपुर की रूपवास पंचायत समिति के खानवां मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए कतार में खड़ी एक महिला भीड़ के बीच अचानक बेहोश होकर गिर गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी मदद की।
सवाई माधोपुर की शेरपुर ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। यहां शादी के पंडाल जैसी सजावट के साथ गुब्बारे, मतदाताओं के लिए स्वच्छ पेयजल, व्हीलचेयर और सेल्फी केंद्र की व्यवस्था की गई है। इसी मतदान केंद्र पर 80 वर्षीय मोत्या को उनके परिजन सहारा देकर मतदान के लिए लेकर पहुंचे।
इस चरण में श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक पंच-सरपंच पदों पर चुनाव हो रहा है। जिले में 307 सरपंच और 2,695 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। वहीं खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है।
यह पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण है। चार चरणों में प्रदेश की सभी 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए मतदान पहले ही पूरा हो चुका है।
पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है।
मतदान समाप्त होते ही शाम 6 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पहले वार्ड पंचों के परिणाम घोषित किए जाएंगे और इसके बाद सरपंच पदों की मतगणना होगी। देर रात तक अधिकांश पंचायतों के चुनाव परिणाम सामने आने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित