Live VNS

परवान चढ़ने लगा पुष्कर का अन्तरराष्ट्रीय पशु मेला, पशुओं की खरीद फरोख्त हुई शुरू

परवान चढ़ने लगा पुष्कर का अन्तरराष्ट्रीय पशु मेला, पशुओं की खरीद फरोख्त हुई शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अजमेर , 12 नवम्बर(हि.स)। विश्वविख्यात पुष्कर पशु मेले में अब धीरे-धीरे रौनक परवान चढ़ने लगी है। पशुओं की आवक में लगातार इजाफा होने के साथ ही पशुपालकों और पशु व्यापारियों की चहल-पहल भी बढ़ने लगी है। देश के विभिन्न हिस्सों से पशुपालक अपने बेहतरीन नस्ल के पशुओं के साथ पुष्कर पहुंच रहे हैं। वहीं पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए व्यापारी भी मेला मैदान में पहुंचने लगे हैं और पशुओं के सौदे शुरू हो गए हैं।

पशुओं की लगातार बढ़ती आवक से मोतीसर रोड से सटे नए मेला मैदान में पशुपालकों के डेरे बसने लगे हैं और पूरा क्षेत्र धीरे-धीरे पशु मेलों के पारंपरिक रंग में रंगता नजर आ रहा है। विदेशी सैलानी पशुओं के डेरों में घूम—घूमकर फोटो खींचने में व्यस्त हैं। इस वर्ष पुष्कर पशु मेले में अश्वों की अच्छी आवक होने की संभावना है। मेले की शुरुआत के साथ ही घोड़े-घोडिय़ों का पहुंचना भी शुरू हो गया है।

राजस्थान के अलावा महाराष्ट, पंजाब और हरियाणा सहित पड़ोसी राज्यों से अश्व व्यापारी आकर्षक कद-काठी और अच्छी नस्ल के घोड़े-घोडियां लेकर पहुंच रहे हैं। पशु व्यापारियों के बीच अश्वों की खरीद-फरोख्त को लेकर चर्चाएं और सौदेबाजी शुरू हो गई है। मेला मैदान में पशुपालकों और अश्व पालकों के आलीशान टेंट भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कई संत-महंतों के साथ नेताओं और प्रभावशाली लोगों ने भी अपने शानदार टेंट लगाए हैं। इससे मेला क्षेत्र किसी टेंट सिटी के रूप में नजर आने लगा है।

एक ओर जहां रेतीले मैदान में ऊंटों के काफिले दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घोड़ों के अस्तबल सजने लगे हैं। खुले आसमान के नीचे डेरा पुष्कर पशु मेले का एक खास और जीवंत दृश्य ऊंट पालकों की अस्थाई बस्तियों में भी देखने को मिल रहा है। कई ऊंट पालक अपने ऊंटों के झुंड के साथ अकेले पहुंचे हैं, तो कई परिवार सहित मेले में डेरा जमाए हुए हैं। परिवार के साथ आए ऊंट पालकों ने छोटे-छोटे अस्थाई तंबू बनाकर रहने की व्यवस्था की है। इन तंबुओं में ग्रामीण जीवन की झलक साफ दिखाई दे रही है। ऊंट पालक परिवारों की महिलाएं अस्थाई चूल्हों पर भोजन तैयार करने में जुटी हैं, वहीं अकेले आए पुरुष पालक लकड़ियों और छाणों से चूल्हे जलाकर खुद ही खाना बना रहे हैं। पशुपालकों और पशुओं के साथ-साथ अस्थाई दुकानदारों ने भी मेला क्षेत्र में अपनी दुकानें और थडियां सजानी शुरू कर दी हैं। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों की सुविधा के लिए पानी, बिजली, चारा और पशु चिकित्सा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। वहीं मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए आकाशीय झूलों और सर्कस के पांडाल भी आकार लेने लगे है।

अजमेर जिला एवं रेल प्रशासन ने इस बार अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले और आगामी उर्स को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहारी सीजन (दिवाली एवं छठ पूजा), अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले तथा आगामी उर्स पर्व के मद्देनजर अजमेर रेल मंडल द्वारा अजमेर स्टेशन को प्रमुख संवेदनशील स्टेशन के रूप में चिह्नित करते हुए यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा अजमेर स्टेशन की व्यवस्थाओं की विशेष मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को सभी आवश्यक व विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके और उन्हें किसी प्रकार की सुविधा नहीं हो। अजमेर स्टेशन पर जिन गाड़ियों में अनारक्षित श्रेणी में अधिक यात्रियों की संख्या है उनमें यात्रियों को कतारबद्ध रूप से कोच में प्रवेश दिया जा रहा है। आज गाड़ी संख्या 12988 अजमेर- सियालदह एक्सप्रेस में छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यात्रियों को संयुक्त रूप से व्यवस्थित कतार में खड़ा करवाया गया तथा उन्हें सुरक्षित एवं सुचारू रूप से सामान्य कोचों में चढ़वाया गया।उक्त व्यवस्था के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण हेतु अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र सिंह व स्टेशन प्रबंधक, अजमेर रवीश कुमार सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में समन्वित प्रयासों से यात्रियों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाया गया तथा भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया गया।

भूतड़ा ने बताया कि अजमेर रेलवे स्टेशन का सामान्य औसत यात्री भार प्रतिदिन लगभग 54,000 रहता है, जो दिवाली और छठ पूजा की भीड़ के कारण पिछले दो-तीन दिनों में बढ़कर 91,000 तक पहुंच गया है। आगामी 5 दिसंबर से शुरू होने वाले उर्स पर्व के दौरान भी यात्री संख्या लगभग 1 लाख तक पहुंचने की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर कई एकीकृत व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए पीआरएस (आरक्षण कार्यालय) के सामने 600 वर्ग मीटर और अनारक्षित बुकिंग हॉल के सामने लगभग 400 वर्ग मीटर के दो अस्थायी होल्डिंग एरिया (टेंटेज) विकसित किए गए हैं। इन होल्डिंग एरिया में पर्याप्त रोशनी के साथ-साथ यात्रियों के लिए पेयजल और यूरिनल की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए उचित साइनेज लगाए गए हैं और प्रतीक्षारत भीड़ को समय पर निकासी देने के लिए ट्रेनों के आगमन की नियमित उद्घोषणा की जा रही है। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे 'रेल मदद' स्टाफ तैनात किया गया है। भीड़ प्रबंधन और भगदड़ की स्थिति से बचाव के लिए स्टेशन के प्रवेश और निकास बिंदुओं को विभाजित किया गया है। आरक्षित यात्रियों के लिए एमसीओ की ओर से और अनारक्षित यात्रियों के लिए 'दवा दोस्त' की ओर से प्रवेश निर्धारित किया गया है। प्लेटफॉर्म से यात्रियों की सीधी निकासी के लिए मिडिल फुट ओवर ब्रिज को खोल दिया गया है।

यूटीएस काउंटर और अतिरिक्त प्रावधान: व्यस्त घंटों (पीक आवर्स) के दौरान अतिरिक्त काउंटरों सहित यूटीएस काउंटर चलाने के लिए पर्याप्त कर्मचारी दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त गांधी भवन की ओर से भी अनारक्षित टिकटिंग का प्रावधान किया गया है, ताकि गांधी भवन, एमसीओ और दवा दोस्त के मिडिल गेट से आने वाले यात्रियों को सर्कुलेटिंग एरिया में ही आसानी से टिकट मिल सके।

अनारक्षित बुकिंग हॉल के सामने और होल्डिंग एरिया में चार (4) एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं। रात के समय भी काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए 24 घंटे एटीवीएम फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं। कतारों की लंबाई और हर दो घंटे में यूटीएस टिकट बिक्री की निगरानी के लिए कमर्शियल सुपरिंटेंडेंट और कमर्शियल इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं।

निगरानी के लिए 24x7 वॉर रूम सक्रिय किया गया है जहाँ सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस उपलब्ध है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी भीड़ पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बल एवं स्टाफ की तैनाती: प्रत्येक द्वार पर यात्री दबाव को नियंत्रित करने के लिए 40 होमगार्ड के साथ-साथ आरपीएफ, जीआरपी और रेल प्रशासन का पूरा स्टाफ तैनात किया गया है।

पल-पल की स्थिति पर नजर रखने के लिए स्टेशन पर ट्रैफिक अधिकारी तैनात हैं तथा रात्रि में भी अधिकारी स्तर की ड्यूटी लगाई गई है। स्टाफ की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। त्योहारी भीड़ को कम करने के लिए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार स्टेशनों से 11 ट्रेन ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, तथा अजमेर मंडल से चलने वाली 7 से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। पुष्कर मेले व उर्स हेतु भी विशेष प्रबंधन: 17 नवंबर से प्रारंभ होने वाले पुष्कर मेले (जिसकी अनौपचारिक व्यवस्थाएं 10 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं) के लिए मुख्यालय को अतिरिक्त ट्रेन के प्रावधान का प्रस्ताव भेजा गया है। दिवाली और छठ पूजा के लिए लागू की गई ये सभी सुविधाएं पुष्कर मेले और 5 दिसंबर से शुरू होने वाले उर्स पर्व के दौरान भी निरंतर जारी रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…