Live VNS

मांदर की थाप और झांझ की झंकार पर झूम उठा रघुनाथनगर, 300 कलाकारों ने दी करमा नृत्य की प्रस्तुति

मांदर की थाप और झांझ की झंकार पर झूम उठा रघुनाथनगर, 300 कलाकारों ने दी करमा नृत्य की प्रस्तुति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में शुक्रवार को पारंपरिक सेला और करमा नृत्य का आयोजन किया गया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 13 दलों के लगभग 300 कलाकारों ने करमा नृत्य की प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। मांदर की थाप और झांझ की झंकार से पूरा मैदान गूंजता रहा और हजारों दर्शक कलाकारों के साथ ताल मिलाते नजर आए।

पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने मांदर की लय पर कदमों का शानदार तालमेल दिखाया। घुंघरुओं की रुनझुन और वाद्ययंत्रों की संगत ने प्रस्तुतियों को खास बना दिया। अलग-अलग नृत्य दलों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों में भी उत्साह देखने को मिला। जैसे-जैसे मांदर की थाप तेज होती गई, मैदान में मौजूद लोग भी लोकनृत्य की धुन पर झूमने लगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रघुनाथनगर पहुंचने पर भी पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया गया। करमा नृत्य दलों के कलाकारों ने मांदर बजाते हुए नृत्य के साथ मुख्यमंत्री की अगवानी की। इस दौरान लोकगीत, मांदर की थाप और घुंघरुओं की गूंज के बीच क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की झलक देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…