Live VNS

रघुनाथ नगर में 27 नवंबर को लगेगा मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर, 10 विशेषज्ञ करेंगे निशुल्क जांच और उपचार

रघुनाथ नगर में 27 नवंबर को लगेगा मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर, 10 विशेषज्ञ करेंगे निशुल्क जांच और उपचार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 नवंबर को रघुनाथनगर में मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शासकीय हाई स्कूल परिसर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लगने वाले इस शिविर में 10 विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर मुख्य रूप से महिलाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, लेकिन बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी निःशुल्क जांच और चिकित्सकीय परामर्श ले सकेंगे।

शिविर में विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराना और बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार की सुविधा देना है।

स्वास्थ्य शिविर में स्त्री रोग, त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग, मानसिक रोग, हड्डी रोग, शल्य चिकित्सा, कान-नाक-गला रोग, कैंसर रोग और शिशु रोग के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। महिलाएं मासिक धर्म की अनियमितता और श्वेत प्रदर जैसी समस्याओं की जांच करा सकेंगी। इसके अलावा त्वचा एलर्जी, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, आंखों की रोशनी से जुड़ी परेशानी, चिंता, अनिद्रा, जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी बीमारियों के लिए भी परामर्श मिलेगा।

शिविर में बवासीर और कान संबंधी समस्याओं की जांच के साथ कैंसर के संभावित लक्षणों की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्तन में गांठ और मुंह पर असामान्य धब्बे जैसी समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी। वहीं बच्चों में कुपोषण, उल्टी-दस्त और बार-बार निमोनिया होने जैसी समस्याओं के संबंध में शिशु रोग विशेषज्ञ परामर्श देंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि परिवार की जिम्मेदारियों के बीच कई बार महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पातीं। सामान्य दिखाई देने वाली परेशानी भी समय पर जांच नहीं होने पर गंभीर रूप ले सकती है। ऐसे में यह शिविर महिलाओं के लिए एक ही स्थान पर अलग-अलग विशेषज्ञों से परामर्श लेने का अच्छा अवसर है।

उन्होंने गृहणियों, कामकाजी महिलाओं और क्षेत्र के सभी आयु वर्ग के लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग बिना संकोच अपनी परेशानियां चिकित्सकों को बताएं और उपलब्ध निशुल्क जांच एवं परामर्श सुविधा का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…