रेलवे महाप्रबंधक ने लिया यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का जायजा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नावा सिटी रेलवे स्टेशन पर नई गुड्स शेड का निरीक्षण किया
जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जोधपुर मंडल के नावा सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, माल परिवहन और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और जोधपुर मंडल के अनेक अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर नवनिर्मित आधुनिक गुड्स शेड का निरीक्षण कर माल लदान और अनलोडिंग की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन यार्ड में रेलवे ट्रैक,पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नलिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके अलावा स्टेशन भवन की स्थिति और सर्कुलेटिंग एरिया का अवलोकन किया। सामान्य श्रेणी प्रतीक्षालय में पहुंचकर यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने प्रतीक्षालय में यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा स्टेशन भवन और उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर रखरखाव एवं संरक्षण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय और यात्रियों के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (नार्थ) श्रीचंद पूनिया (नॉर्थ), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (ट्रैक्शन) विजय सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (कर्षण) हरीश शर्मा, मंडल इंजीनियर(सिग्नल एंड टेलीकॉम) शुभम यादव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी तथा सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।
निरीक्षण से पूर्व स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा तथा डीआरएम अनुराग त्रिपाठी का साफा व फूलमालाओं से स्वागत किया। विभिन्न संस्थाओं की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस अवसर पर नगर पालिका नावा सिटी की अध्यक्ष श्रीमती कविता कुमावत के नेतृत्व में पार्षदों और फ्रेंड्स क्लब के प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर नावा सिटी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन भवन के जीर्णोद्धार की मांग रखी। महाप्रबंधक ने इन मांगों पर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश