उत्तर रेलवे चलाएगा तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें, दिल्ली से मालदा टाउन, छपरा, थावे और गोरखपुर के लिए सुविधा
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र से मालदा टाउन, छपरा, थावे और गोरखपुर के बीच तीन जोड़ी विशेष रेलगाड़ियां चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें शकूरबस्ती, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली जंक्शन से संचालित होंगी। इनमें एक जोड़ी आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी की होगी, जबकि दो जोड़ी पूरी तरह अनारक्षित रहेंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि गाड़ी संख्या 03457 मालदा टाउन-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल 18 नवंबर को सुबह 10 बजे मालदा टाउन से रवाना होकर अगले दिन शाम 5 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03458 शकूरबस्ती-मालदा टाउन स्पेशल 19 नवंबर को शाम 6:50 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर तीसरे दिन तड़के 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना जंक्शन, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला और दिल्ली जंक्शन पर ठहरेगी।
इसके अलावा दो जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 05057 छपरा जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल अनारक्षित स्पेशल 19 नवंबर को रात 9 बजे छपरा से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:55 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05058 आनंद विहार टर्मिनल-थावे जंक्शन अनारक्षित स्पेशल 20 नवंबर को रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:10 बजे थावे जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद में होगा।
दूसरी अनारक्षित सेवा के तहत गाड़ी संख्या 05051 गोरखपुर जंक्शन-दिल्ली जंक्शन स्पेशल 19 नवंबर को दोपहर 2:40 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05052 दिल्ली जंक्शन-गोरखपुर जंक्शन अनारक्षित स्पेशल 20 नवंबर को सुबह 11:10 बजे दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन तड़के 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहरेगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले रेल मदद हेल्पलाइन 139 या राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन समय-सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी