Live VNS

2028 के विधानसभा चुनाव में फिर बनेगी भाजपा सरकार : मदन राठौड़

2028 के विधानसभा चुनाव में फिर बनेगी भाजपा सरकार : मदन राठौड़

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को पंचायती राज चुनावों में 10 जिलों में भाजपा के जिला प्रमुख बनने पर जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और भाजपा जनादेश का सम्मान करती है। पार्टी जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करती है। आगामी दो वर्षों में और अधिक गति से राजस्थान की सेवा की जाएगी तथा 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी।

राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस को अपने कथित झूठे प्रचार के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने परिसीमन को लेकर गलत बातें कहीं, ईवीएम को बदनाम किया और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए। अब जनता के सामने सच्चाई आ गई है। इसलिए कांग्रेस को जनता और भाजपा से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों के परिणाम विधानसभा चुनावों की जीत की गारंटी नहीं होते। पूर्व में हुए चुनावों के परिणाम भी इस बात को साबित करते हैं। राजस्थान की जनता ने भाजपा को पांच साल के लिए सेवा का अवसर दिया है और पार्टी अगले दो वर्षों तक पूरी प्रमाणिकता एवं प्रतिबद्धता से काम करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की भरतपुर चुनाव को लेकर की गई टिप्पणी को अराजकता फैलाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह किसी जिम्मेदार राजनेता का बयान नहीं हो सकता। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस तरह संयम बनाए रखा, उसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की कथनी और करनी में अंतर है। चूरू में भाजपा की जीत पर उनका बयान कुछ और होता है, जबकि ब्यावर में कांग्रेस की जीत पर उनका रुख बदल जाता है।

राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में मिली सफलता से कांग्रेस के नेता अतिउत्साहित होकर बयान दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के मुंह से सुशासन की बात करना बेमानी प्रतीत होता है, क्योंकि सुशासन और कांग्रेस का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले कांग्रेस शासन में सरकार होटल से चलती हुई जनता ने देखी थी और इसका परिणाम कांग्रेस को 2023 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ा। उन्होंने कांग्रेस को अहंकार से बचने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी क्षमता के साथ 2028 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…