भजनलाल सरकार के नेतृत्व में घाटे से लाभ की ओर बढ़ा राजस्थान का ऊर्जा क्षेत्र: भूपेंद्र सैनी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश की बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति में सुधार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व राज्य मंत्री भूपेंद्र सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भारी घाटे और कर्ज से जूझ रही बिजली कंपनियां अब लाभ की स्थिति में पहुंच रही हैं। यह बदलाव बेहतर वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक सुधार और बिजली व्यवस्था में किए गए प्रयासों का परिणाम है।
सैनी के अनुसार पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली कंपनियों पर कर्ज और घाटे का बोझ लगातार बढ़ा। बिजली खरीद, वितरण व्यवस्था, तकनीकी छीजत और वित्तीय कुप्रबंधन के कारण ऊर्जा क्षेत्र गंभीर चुनौतियों से घिर गया था। प्रदेश की बिजली कंपनियों का घाटा करीब 98 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। वर्ष 2025-26 तक यह घाटा लगभग 1.21 लाख करोड़ रुपए होने का अनुमान था। वर्तमान भाजपा सरकार ने वित्तीय प्रबंधन और सुधारात्मक कदम उठाकर करीब 31 हजार करोड़ रुपए के संभावित अतिरिक्त घाटे से बचाव किया है।
सैनी ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अजमेर डिस्कॉम ने 1,875.82 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया है, जबकि जयपुर डिस्कॉम पहली बार 931 करोड़ रुपए के लाभ में आया है। उन्होंने इसे प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि घाटे और कर्ज के संकट से जूझ रही बिजली वितरण कंपनियों का लाभ की स्थिति में पहुंचना सरकार के वित्तीय अनुशासन और कुशल प्रबंधन को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्राथमिकताओं में किसानों को खेती के लिए दिन के समय पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना भी शामिल है। इससे किसानों को रात के अंधेरे में खेतों में सिंचाई करने की मजबूरी से राहत मिलेगी। किसानों की सुरक्षा बढ़ेगी और उन्हें परिवार के साथ समय बिताने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए कृषि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति मजबूत करने, नए ग्रिड सब-स्टेशन स्थापित करने और वितरण व्यवस्था का विस्तार करने पर काम किया जा रहा है।
सैनी के मुताबिक सरकार ने बिजली कंपनियों के वित्तीय प्रबंधन में सुधार, बिजली छीजत पर नियंत्रण, राजस्व संग्रहण बढ़ाने, आधारभूत ढांचे का विस्तार और अक्षय ऊर्जा को प्रोत्साहन देने जैसे कदम उठाए हैं। सौर ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश की संभावनाओं को साकार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से आम उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। इससे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार, नए विद्युत तंत्र के निर्माण और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप निवेश को गति मिलेगी।
सैनी ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर तथा ऊर्जा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और बिजली कंपनियों के कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मजबूत ऊर्जा व्यवस्था, खुशहाल किसान और आत्मनिर्भर राजस्थान का संकल्प विकसित राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश