पंचायत चुनाव के नतीजों की घड़ी नजदीक, 37 जिलों में शुक्रवार काे होगी मतगणना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद अब नतीजों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों की मतगणना शुक्रवार 20 नवंबर को होगी। मतगणना के साथ ही ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ होने लगेगी और यह भी तय होगा कि किस जिले में किस दल का दबदबा रहेगा।
प्रदेश के 41 जिलों में कुल 1403 जिला परिषद वार्ड और 457 पंचायत समितियों के 8245 पंचायत समिति वार्डों के लिए चुनाव हो चुके हैं। इनमें से शुक्रवार को 37 जिलों के 1275 जिला परिषद वार्ड और 419 पंचायत समितियों के 7543 पंचायत समिति वार्डों के वोटों की गिनती होगी। जिला मुख्यालयों पर वार्डवार मतगणना की व्यवस्था की गई है।
जयपुर में भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में मतगणना होगी।
चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मंत्रियों, विधायकों और बड़े नेताओं के प्रभाव वाले इलाकों में उनके समर्थित प्रत्याशियों का प्रदर्शन उनके राजनीतिक कद का आकलन भी करेगा। यही कारण है कि परिणाम से पहले ही कई जिलों में प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू हो चुकी है। सीकर, दौसा, बाड़मेर समेत कई जिलों में राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने और परिणाम के बाद बनने वाले समीकरणों पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आने के बाद जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव की तस्वीर साफ होगी। 37 जिलों में 25 नवंबर को जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख का चुनाव करेंगे, जबकि 27 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य प्रधान का चुनाव करेंगे।
वहीं कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में जिला प्रमुख का चुनाव 22 दिसंबर तथा प्रधान का चुनाव 24 दिसंबर को होगा।
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में दलबदल कानून लागू नहीं होने के कारण परिणाम के बाद राजनीतिक जोड़-तोड़ की संभावना भी बनी हुई है। इसी वजह से भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर रखी है। परिणाम में जीतने वाले प्रत्याशियों को अपने खेमे में बनाए रखना दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
इस बार पंचायत चुनाव में कई जिलों में बड़े राजनीतिक परिवारों के सदस्य भी मैदान में हैं। चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी पत्नी कनिका सिंह जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया भी मैदान में हैं और उन्हें जिला प्रमुख की दावेदार माना जा रहा है। कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी नानी देवी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
जैसलमेर में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अमीन खान फकीर और अमरदीन फकीर जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशी हैं। अमरदीन फकीर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी हैं। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के बेटे हरीश और बेटी अंजना भी जिला परिषद सदस्य के लिए मैदान में हैं।
दौसा में कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा तथा पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भूपेश जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। सीकर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत की पुत्रवधू राजराजेश्वरी भी जिला परिषद सदस्य पद की प्रत्याशी हैं।
टोंक में पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा और पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका मैदान में हैं। सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी जिला परिषद सदस्य की प्रत्याशी हैं और जिला प्रमुख की दावेदार मानी जा रही हैं, जबकि उनके बेटे संजय बैरवा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।
उदयपुर में भी कई राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस विधायक पुष्कर लाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी और भाजपा विधायक फूल सिंह मीणा की बेटी संजना मीणा जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। पूर्व विधायक दलीचंद डांगी भी चुनाव मैदान में हैं। पूर्व सांसद रघुवीर मीणा की पत्नी बसंती देवी मीणा सलूंबर से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
मतगणना से पहले प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। चित्तौड़गढ़ के भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी के दौरान एक रिसॉर्ट में डांस पार्टी का वीडियो सामने आया है। वहीं जिला प्रमुख चुनाव को देखते हुए भाजपा ने जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशियों को पुष्कर के एक रिसॉर्ट में ठहराया है। प्रत्याशियों को बस से पुष्कर ले जाया गया, जहां सफर के दौरान उनके नाचने-गाने के वीडियो भी सामने आए हैं।
हालांकि 20 नवंबर को नतीजे आने के बाद हारने वाले प्रत्याशी बाड़ाबंदी से बाहर हो जाएंगे, जबकि जीतने वाले प्रत्याशियों को लेकर दलों की निगाहें जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव तक बनी रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित