राजस्थानी लोकगीतों और कालबेलिया नृत्य ने बांधा समां, दीपावली स्नेह मिलन में बिखरे संस्कृति के रंग

गोपाल राठौर और डॉ. पूजा राठौर की गायकी ने मोहा मन, चंग धमाल और मुरली की धुन पर झूमे लोग
वाराणसी। लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन में श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल काशी की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राजस्थानी लोकसंस्कृति, पारंपरिक संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। लोकगीतों की गूंज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के बीच पूरा परिसर राजस्थानी रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में राजस्थान के प्रसिद्ध लोकगीत गायक गोपाल राठौर और गायिका डॉ. पूजा राठौर ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी सुरीली आवाज पर उपस्थित लोगों ने खूब आनंद लिया। वहीं, बुड़नोट प्रोडक्शन की ओर से मांड गायन के साथ कालबेलिया सहित राजस्थान के चार पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों की आकर्षक वेशभूषा, नृत्य की लय और पारंपरिक संगीत ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह में झुंझुनूं के शेखावाटी कलाकारों ने राजस्थान के प्रसिद्ध चंग धमाल और मुरली की मधुर धुन से लोकसंस्कृति की जीवंत झलक पेश की। पारंपरिक लोककलाओं की इन प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। संगीत और नृत्य के माध्यम से राजस्थान की लोकपरंपराओं की विविधता देखने को मिली।
कार्यक्रम में वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में राजस्थानी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक विरासत से जुड़ाव बनाए रखना था। काशी में आयोजित इस स्नेह मिलन समारोह ने आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का संदेश दिया।