राजगढ़ः जेन-जी के सवालों पर मंत्री टेटवाल के बेबाक जवाब, रोजगार से लेकर एआई तक पर हुई चर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
राजगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में युवाओं के भविष्य, रोजगार और बदलती तकनीक में करियर की संभावनाओं को लेकर गुरुवार को शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय सारंगपुर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।
इस दौरान युवाओं ने बेरोजगारी, स्वरोजगार, आईटीआई प्रशिक्षण, महिला सशक्तीकरण, विदेशों में नौकरी के अवसर और राजनीति में युवाओं की भूमिका को लेकर सवाल पूछे। मंत्री ने सभी सवालों के जवाब देकर युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी बेरोजगारी के सवाल पर मंत्री टेटवाल ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप और प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी कार्यक्षमता और हुनर को लगातार विकसित करना चाहिए।
उन्होंने बदलती तकनीक के दौर में युवाओं को कंप्यूटर, डिजिटल स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीकी ज्ञान और कम्युनिकेशन स्किल पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने विदेशों में रोजगार के लिए भाषा ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण को जरूरी बताया।
मंत्री ने कहा कि कृषि आधारित उद्योग, पशुपालन, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण के जरिए ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी भी दी। महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, मेहनत करने और असफलताओं से निराश नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य संगीता गुप्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक