Live VNS

मंदिर श्री रामचंद्र जी में होगा श्री राम-जानकी विवाह मंगल महोत्सव

मंदिर श्री रामचंद्र जी में होगा श्री राम-जानकी विवाह मंगल महोत्सव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। चांदपोल स्थित ऐतिहासिक ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के विवाह प्रसंग पर आधारित सात दिवसीय श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव का आयोजन 24 से 30 नवंबर तक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जाएगा। महोत्सव के दौरान सात दिनों तक विवाह से जुड़ी विभिन्न पारंपरिक एवं धार्मिक रस्मों का आयोजन होगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे से मंदिर परिसर में मांगलिक गीतों, भजनों और बधाइयों के बीच उत्सवी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि इस महोत्सव का शुभारंभ 24 नवंबर को सुबह 10 बजे गणपति न्योता कार्यक्रम के साथ होगा। विवाह के प्रथम निमंत्रण के रूप में विधि-विधान से गणपति जी को महोत्सव में पधारने का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद 25 नवंबर को पुष्प वाटिका प्रसंग आयोजित होगा, जिसमें भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के प्रथम मिलन की लीला का भावपूर्ण चित्रण किया जाएगा। 26 नवंबर को धनुष यज्ञ उत्सव में भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करने के प्रसंग को पारंपरिक एवं धार्मिक स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

इसी क्रम में 27 नवंबर को सगाई एवं तिलक समारोह आयोजित होगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 28 नवंबर को होने वाला श्रीराम-जानकी विवाह उत्सव रहेगा। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी तथा वैदिक रीति-विधान से विवाह की विभिन्न मांगलिक रस्में और फेरे संपन्न होंगे। विवाह समारोह के लिए मंदिर परिसर में विशेष सजावट की जाएगी।

29 नवंबर को जनकपुर में नेकचार एवं विदाई का भावपूर्ण उत्सव मनाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या में भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के आगमन पर स्वागत समारोह आयोजित होगा। सात दिवसीय महोत्सव का समापन 30 नवंबर को पारंपरिक पैसारा उत्सव के साथ होगा।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि महोत्सव के सातों दिन प्रतिदिन शाम को विशेष बधाई उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु मंगल गीतों, भजनों और पारंपरिक बधाइयों के माध्यम से भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के विवाह की खुशियां मनाएंगे। सभी कार्यक्रम शाम 6 बजे से होंगे।

महोत्सव में जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और वैवाहिक संस्कारों की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। मंदिर प्रबंधन एवं भक्त समाज की ओर से श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीराम एवं माता जानकी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…