Live VNS

कंगना रनौत की फिल्म टैक्स फ्री हो सकती है तो रामायण फिल्म क्यों नहीं:खाचरियावास

कंगना रनौत की फिल्म टैक्स फ्री हो सकती है तो रामायण फिल्म क्यों नहीं:खाचरियावास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रामायण फिल्म को पूरे देश में और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से राजस्थान में टैक्स फ्री करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम देशवासियों के आदर्श, आस्था और संस्कारों के प्रतीक हैं। रामायण जैसे महान विषय पर बनी फिल्म को देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार को फिल्म टैक्स फ्री करने के साथ स्कूली बच्चों को निशुल्क दिखाने की व्यवस्था भी करनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और संस्कारों से प्रेरणा ले सके।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव और वोट की राजनीति के दौरान भगवान श्रीराम का नाम लेकर जनता की भावनाओं से जुड़ती है, लेकिन उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर आने पर पीछे हट जाती है। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कंगना रनौत की फिल्म को टैक्स फ्री कर सकते हैं और लड़ाई-दंगे वाली फिल्मों को भी करमुक्त कर सकते हैं, तो रामायण जैसी फिल्म को टैक्स फ्री करने की पहल क्यों नहीं कर रहे हैं? यह भाजपा की दोहरी राजनीति और दोहरे चरित्र को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि रामायण केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, मर्यादा, त्याग, सत्य और आदर्शों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं। उनके आदर्श प्रत्येक घर, परिवार और बच्चे तक पहुंचने चाहिए।

खाचरियावास ने प्रधानमंत्री मोदी से पूरे देश में रामायण फिल्म को टैक्स फ्री करने तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से राजस्थान में तत्काल इसे करमुक्त घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि स्कूलों के बच्चों को भी यह फिल्म निशुल्क दिखाने की व्यवस्था होनी चाहिए। भाजपा को भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके आदर्शों को जीवन में उतारने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए ईमानदारी से काम करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…