भारत के बाहर भी दिखा विहिप के विरोध का असर, अमेरिका में थिएटरों से अचानक हटाई जाने लगी 'रामायण: पार्ट 1' !

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी बहुचर्चित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर चल रहा विरोध अब भारत की सीमाओं को पार करके सात समंदर पार अमेरिकी बॉक्स ऑफिस तक सुनाई दे रहा है।
भारत में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा फिल्म के कथानक में छेड़छाड़ और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के गंभीर आरोपों के बीच, अमेरिका में इस फिल्म की स्क्रीनिंग में भारी कटौती की खबरें सामने आई हैं।
इस संबंध में अमेरिकी ट्रेड एनालिस्ट्स और मनोरंजन जगत की प्रमुख वेबसाइटों के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म के तीसरे सप्ताह में प्रवेश करते ही इसे अमेरिका के करीब 700 से 800 सिनेमाघरों से हटाया जा रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भारत में हिंदू संगठनों ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसके सेंसर प्रमाण पत्र को रद्द करने और प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग तेज कर दी है।
विहिप का कड़ा विरोध और कथानक पर गंभीर आरोप
इस पूरे विवाद की शुरुआत नई दिल्ली से हुई, जहां विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने एक आधिकारिक बयान में फिल्म निर्माताओं पर कड़ा प्रहार किया। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल द्वारा जारी इस वक्तव्य में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित मूल रामकथा के तथ्यों को विकृत किया गया है और मनगढ़ंत घटनाओं को शामिल कर एक अरब से अधिक राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ किया गया है।
'रामायण: पार्ट 1' को लेकर विहिप संगठन का स्पष्ट मानना है कि फिल्म में एक विशेष राजनीतिक विमर्श स्थापित करने का कुत्सित प्रयास हुआ है, जिसके तहत प्रभु श्री राम और उनके परिवार के चरित्रों को बेहद हल्केपन से प्रस्तुत किया गया है, जबकि दूसरी ओर राक्षसराज रावण का महिमामंडन करते हुए उसे शोषितों के उद्धारक के रूप में दिखाने की कोशिश की गई है।
मूल प्रसंगों को हटाने और चरित्र चित्रण बदलने पर आपत्ति
विश्व हिंदू परिषद ने अपनी आपत्तियों को तथ्यात्मक आधार देते हुए उन प्रमुख प्रसंगों का भी उल्लेख किया है जिन्हें फिल्म से पूरी तरह गायब कर दिया गया है। बयान के अनुसार, अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के सार्वभौमिक और समरस चरित्र के अभिन्न अंग हैं, लेकिन फिल्म में इनका कोई उल्लेख तक नहीं है।
इसके विपरीत, ऋषि-मुनियों की साधना, यज्ञ और गुरुकुलों में बाधा डालने वाले समाजद्रोही राक्षसों के उन्मूलन के भगवान राम के महती अभियान को महज अपनी पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध यानी एक व्यक्तिगत संघर्ष के रूप में सीमित कर दिया गया है। वीएचपी ने इसे सनातन संस्कृति और समाज के नैतिक मूल्यों की नींव पर प्रहार बताते हुए फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।
प्रवासी भारतीयों में असंतोष और टिकट बिक्री पर असर
इस संबंध में सोमवार को विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बसंल से बात की गई। उन्होंने कहा, रामायण जैसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय पर फिल्म निर्माण करने वाले निर्माता-निर्देशकों की जवाबदेही भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए। उन्होंने पूछा है कि फिल्म के निर्माता यह स्पष्ट करें कि इसकी पटकथा किस अधिकृत रामायण पर आधारित है? यदि फिल्म वास्तव में रामायण की कथा का प्रतिनिधित्व करती है तो इसमें स्पष्ट डिस्क्लेमर दिया जाना चाहिए कि यह रामायण पर आधारित फिल्म नहीं है, अन्यथा प्रत्येक दृश्य के साथ यह बताया जाए कि उसे किस रामायण ग्रंथ या परंपरा से लिया गया है। करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़े प्रसंगों को रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर मनमाने ढंग से प्रस्तुत करने का अधिकार किसी को कैसे मिल सकता है?
विहिप प्रवक्ता ने भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए रणधीर कपूर के चयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अतीत में बीफ को स्वादिष्ट बताने संबंधी बयान देने वाले व्यक्ति को भगवान राम का किरदार सौंपना क्या हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं और आस्था के प्रति संवेदनशीलता का प्रश्न नहीं खड़ा करता? भगवान राम भारतीय समाज के लिए एक फिल्मी चरित्र भर नहीं, बल्कि मर्यादा, आदर्श और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। ऐसे चरित्र का चयन करते समय निर्माताओं को समाज की भावनाओं और चरित्र की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।
फिल्म के निर्माण पर खर्च हुई भारी-भरकम राशि को लेकर भी विहिप प्रवक्ता ने सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस परियोजना में इतनी बड़ी रकम किसने निवेश की है? फिल्म की फंडिंग का वास्तविक स्रोत क्या है? क्या इसमें विदेशी धन भी लगा है? यदि विदेशी फंडिंग हुई है तो उसका विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि इतने बड़े बजट की फिल्म के वित्तीय स्रोतों और निवेश की पारदर्शिता को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
फिल्म में रामायण के प्रसंगों के चित्रण को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उनका सवाल है कि शूर्पणखा की नाक काटे जाने का दृश्य दिखाया गया, मगर रावण द्वारा माता सीता के हरण का मूल प्रसंग क्यों छिपाया गया? रामायण की कथा में सीता हरण एक केंद्रीय घटना है, जिसके बाद राम-रावण संघर्ष की पूरी पृष्ठभूमि तैयार होती है। ऐसे में किसी एक प्रसंग को प्रमुखता देना और दूसरे महत्वपूर्ण प्रसंग को अस्पष्ट रखना पटकथा के चयन और प्रस्तुति पर सवाल खड़े करता है। निर्माताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि इस दृश्य को किस आधार पर प्रस्तुत किया गया है।
विहिप प्रवक्ता ने फिल्म के दूसरे भाग के प्रदर्शन से पहले एक और महत्वपूर्ण मांग रखी है। उनका कहना है कि रामायण के अधिकृत विद्वानों, संतों और परंपराओं के जानकार धर्माचार्यों से पूर्वानुमति और मार्गदर्शन लिया जाना चाहिए। फिल्म के दृश्यों, संवादों और कथानक की धार्मिक तथा सांस्कृतिक प्रामाणिकता की समीक्षा कराई जाए, ताकि किसी भी प्रसंग की प्रस्तुति से समाज में अनावश्यक भ्रम या विवाद की स्थिति पैदा न हो।
उनके सवालों का मूल आधार यही है कि रामायण पर फिल्म बनाने की स्वतंत्रता के साथ उसकी सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। रचनात्मक अभिव्यक्ति और धार्मिक आस्था के बीच संतुलन बनाए रखना निर्माता-निर्देशकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। रामायण की लोकप्रियता और उसके वैश्विक सांस्कृतिक प्रभाव का लाभ उठाने वाली किसी भी फिल्म से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने कथ्य, स्रोत, पात्रों और प्रसंगों के प्रति पारदर्शी रहे। अब फिल्म के निर्माता-निर्देशकों की ओर से इन सवालों पर क्या स्पष्टीकरण आता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा, भारत में उठे इस वैचारिक और धार्मिक विरोध का सीधा असर अमेरिका में बसे विशाल भारतीय और हिंदू प्रवासी समुदाय पर ही न केवल देखने को मिल रहा है, बल्कि विश्व के कई देशों से हमारे पास फोन आ रहे है। गौरतलब है कि अमेरिका में इस फिल्म का वितरण सोनी पिक्चर्स द्वारा किया गया है और इसे पांच नवंबर को 1,400 से अधिक थिएटर्स में भव्य स्तर पर रिलीज किया गया था। शुरुआती दिनों में प्रवासी भारतीयों के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह था, जिसके चलते फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की।
फिर देखने में आया कि फिल्म देखने के बाद प्रवासी समुदाय के एक बड़े वर्ग में भी इसके कथानक और चरित्र चित्रण को लेकर असंतोष पनपने लगा। जैसे ही भारत से वीएचपी के कड़े विरोध और बहिष्कार की खबरें सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के माध्यम से अमेरिका पहुंचीं, प्रवासी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर नकारात्मक माहौल बनने लगा, जिसका सीधा असर टिकटों की बिक्री पर पड़ा।
अमेरिकी थिएटरों में कटौती का पूरा गणित
अमेरिकी बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वेबसाइट 'कोलाइडर' (की रिपोर्ट भी इस गिरावट की पुष्टि करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, 1,400 से अधिक स्क्रीन्स पर रिलीज हुई 'रामायण' को दूसरे सप्ताह में ही 300 से ज्यादा थिएटर्स से हटा दिया गया था। अब तीसरे सप्ताह में यह कटौती और भी व्यापक हो गई है और थिएटर्स की संख्या घटकर महज 681 के आसपास रह जाने की उम्मीद है।
यानी शुरुआती रिलीज के मुकाबले फिल्म को अमेरिका के करीब 700 से 800 सिनेमाघरों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। थिएटर मालिकों द्वारा इतने बड़े पैमाने पर स्क्रीन्स कम करने के पीछे टिकट बिक्री और दर्शकों की संख्या (फुटफॉल) में आई भारी गिरावट को मुख्य कारण बताया जा रहा है।
भारी-भरकम बजट और लागत वसूलने की चुनौती
बॉक्स ऑफिस के आर्थिक पहलुओं पर नजर डालें तो यह स्थिति फिल्म निर्माताओं के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। स्क्रीन्स में कटौती से पहले 'रामायण' ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 150 से 180 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बीच की शानदार कमाई कर ली है। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने एसएस राजामौली की 'आरआरआर' और कई हालिया हॉलीवुड फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
अकेले नॉर्थ अमेरिका में इस फिल्म ने लगभग 28 मिलियन डॉलर का कारोबार कर लिया है और यह 'धुरंधर: द रिवेंज' जैसी फिल्मों को पछाड़कर अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने की कगार पर है, लेकिन इस चमकदार आंकड़े के पीछे एक कड़वा आर्थिक सच भी छिपा है, जो निर्माताओं की चिंता बढ़ा रहा है।
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के अनुसार, दो भागों में बन रही इस महागाथा का कुल बजट 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है, जिसमें अकेले पहले भाग का प्रोडक्शन बजट लगभग 200 मिलियन डॉलर बताया जा रहा है। फिल्म उद्योग के अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, इतने भारी-भरकम बजट वाली फिल्म को अपनी लागत निकालने यानी ब्रेक-ईवन तक पहुंचने के लिए अपने प्रोडक्शन बजट से लगभग दोगुनी कमाई करनी पड़ती है। थिएटर मालिकों का हिस्सा और वैश्विक मार्केटिंग के खर्च को निकालने के बाद, फिल्म को मुनाफे में आने के लिए दुनियाभर से कम से कम 350 से 400 मिलियन डॉलर का कलेक्शन करना अनिवार्य है।
ऐसे में, जब फिल्म को अपनी लागत वसूलने के लिए सबसे ज्यादा कमाई की जरूरत है, तब अमेरिका जैसे प्रमुख विदेशी बाजार में 800 थिएटर्स से इसका हटना निर्माताओं के लिए एक बड़ा झटका साबित हो रहा है। अब 'रामायण: पार्ट 1' आज एक ऐसे दोराहे पर खड़ी है जहां एक तरफ उसके पास ऐतिहासिक बॉक्स ऑफिस आंकड़ों का गौरव है, तो दूसरी तरफ धार्मिक आस्थाओं से खिलवाड़ के गंभीर आरोप और भारी बजट की भरपाई का दबाव है।
भारत में विश्व हिंदू परिषद द्वारा उठाए गए सवालों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय जनमानस और वैश्विक हिंदू समुदाय अपनी सांस्कृतिक विरासत और आराध्य देवों के चरित्र चित्रण को लेकर किसी भी तरह के व्यावसायिक या वैचारिक प्रयोग को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि फिल्म के निर्माता इस बढ़ते विरोध और अमेरिकी बाजार में घटती स्क्रीन्स के बीच अपनी लागत कैसे वसूल पाते हैं और इस विवाद का असर फिल्म के दूसरे भाग के निर्माण और रिलीज पर किस रूप में पड़ता है। यदि आगे भी सुधार नहीं हुआ तो यह तय मानिए फिल्म निर्माताओं को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है!
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी