रामचंद्रपुर में नाले में पिकअप पलटने के बाद सात मवेशियों को छोड़कर भागा तस्कर गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के अंनपारा गांव में सात मवेशियों को पिकअप वाहन से झारखंड की ओर ले जाने का मामला सामने आया है। रास्ते में पिकअप वाहन नाले में गिर गया, जिसके बाद मवेशियों को वहीं छोड़कर वाहन चालक फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए झारखंड के गढ़वा जिले के एक आरोपित को आज सोमवार को गिरफ्तार किया है।
बलरामपुर पुलिस ने आज सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, अंनपारा निवासी बबन सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH03AW1695 से सात मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने के उद्देश्य से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन नाले में गिर गया और मवेशियों को छोड़कर तस्कर मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मौके का सत्यापन किया और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा छत्तीसगढ़ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान फरार आरोपित की तलाश की गई। पुलिस ने 22 नवंबर को साहू अंसारी (29), निवासी ग्राम लेडी कांड, थाना रंग, जिला गढ़वा (झारखंड) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय