डॉ. रणधीर कुमार राणा को ‘दीपोत्सव प्रज्ञा सम्मान’, साहित्यिक रचना को मिली सराहना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 25 नवंबर (हि.स.)। शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक सक्रियता और नवाचार के लिए सुपौल के शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार राणा को ‘दीपोत्सव प्रज्ञा सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय कलम मंच की ओर से दीपावली के अवसर पर उनकी साहित्यिक रचना ‘दीपावली का बदलता स्वरूप’ को उत्कृष्ट सृजन के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान-पत्र के माध्यम से मंच ने डॉ. राणा की साहित्यिक प्रतिभा, लेखन कौशल, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं साहित्य के प्रति उनके योगदान की सराहना की। साथ ही उनके साहित्यिक उत्थान और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
डॉ. रणधीर कुमार राणा सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल-सह-बीबी बालिका उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय, सुपौल में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे नवाचार, साहित्यिक गतिविधियों और विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए भी लगातार प्रयासरत रहते हैं। उनकी रचनाओं में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक विषयों की अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।
दीपावली के बदलते स्वरूप, सामाजिक परिवर्तनों और पर्व की मूल भावनाओं को केंद्र में रखकर लिखी गई उनकी रचना को मिला यह सम्मान उनके साहित्यिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
डॉ. राणा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, साहित्यप्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट साहित्यिक सृजन जारी रखने की उम्मीद जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र