खुंटाघाट जलाशय के पास पहली बार दिखा दुर्लभ रंग का कछुआ, किसान ने सुरक्षित जलाशय में छोड़ा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोरबा, 24 नवंबर (हि. स.)। जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत खुंटाघाट जलाशय से लगे गांवों में इन दिनों जलाशय में रहने वाले विभिन्न प्रकार के जीव-जंतुओं के दिखाई देने का सिलसिला बना रहता है। इसी क्रम में मंगलवार को आसपास के क्षेत्र में पहली बार दुर्लभ रंग का कछुआ दिखाई देने से लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया। कछुए को एक किसान ने देखा और उसकी पहचान के बाद उसे सुरक्षित तरीके से वापस खुंटाघाट जलाशय में छोड़ दिया।
खुंटाघाट जलाशय के नजदीक होने के कारण जलाशय का पानी आसपास के गांवों एवं तालाबों तक पहुंचता है। इसके चलते समय-समय पर जलाशय में रहने वाले कई प्रकार के जलीय जीव आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास भी दिखाई देते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बड़े मगरमच्छ भी जलाशय से निकलकर गांवों तक पहुंच चुके हैं। ऐसे मामलों में वन विभाग की टीम के सहयोग से मगरमच्छों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर दोबारा जलाशय में छोड़ा जाता रहा है।
खुंटाघाट जलाशय से लगे परसदा, बपापुती, शिवपुर, पोलमी और सरगबुदिया सहित कई गांव आबादी वाले क्षेत्र हैं। जलाशय के समीप होने के कारण इन गांवों में समय-समय पर पानी में रहने वाले विभिन्न प्रकार के जीव-जंतुओं की मौजूदगी देखने को मिलती है। दुर्लभ रंग के कछुए के दिखाई देने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की जैव विविधता और जलाशय के आसपास मौजूद जलीय जीवों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी