Live VNS

आरडीवीवी में फिर उठे प्रशासनिक प्रताड़ना के आरोप, सहायक कुलसचिव ने मांगा तबादला

आरडीवीवी में फिर उठे प्रशासनिक प्रताड़ना के आरोप, सहायक कुलसचिव ने मांगा तबादला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के कथित उत्पीड़न का मामला शुक्रवार को एक बार फिर सामने आया है। विश्वविद्यालय की सहायक कुलसचिव ज्योति खराड़ी ने उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मानसिक प्रताड़ना, एसटी वर्ग के आधार पर दबाव बनाने, बैठक में अपमानित करने और झूठी जांच में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने खुद और परिवार की सुरक्षा के साथ दूसरे विश्वविद्यालय में तबादले की मांग की है।

18 सितंबर को लिखे पत्र में खराड़ी ने आरोप लगाया कि अन्य सहायक कुलसचिवों की तुलना में उन्हें सात महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, 1 सितंबर को विद्यापरिषद की बैठक और 10 सितंबर को अनुचित कार्य से इनकार करने पर अधिकारियों-कर्मचारियों के सामने अपमानित करने तथा झूठी शिकायतों में फंसाने की धमकी दी गई।

खराड़ी ने आशंका जताई है कि उनके खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक झूठे आरोप लगाकर जांच में फंसाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने उज्जैन, इंदौर या महू स्थित विश्वविद्यालय में स्थानांतरण का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय और राष्ट्रीय एवं राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग को भी भेजी गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने आरडीवीवी के कुलसचिव से जांच प्रतिवेदन मांगा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी विश्वविद्यालय की एक महिला अधिकारी शीर्ष पद पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं, जिसकी जांच न्यायालय के निर्देश पर एसआईटी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…