रियासी पुलिस ने महोर में कई आतंकी मामलों में वांछित, आत्मसमर्पण करने वाले फरार आतंकवादी को किया गिरफ्तार
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रियासी, 26 नवंबर (हि.स.)। एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए रियासी जिला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मोहम्मद मंशा पुत्र फजल दीन निवासी थुरू लसोली तहसील थुरू जिला रियासी को गिरफ्तार कर लिया है। वह दो दशकों से अधिक समय से कानून से बच रहा था। उस पर एक पुलिसकर्मी की हत्या सहित कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।
आरोपी महोर पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी नंबर 127/2000 (धारा 302, 307, 121- ए आरपीसी और आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 के तहत) में वांछित था। इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक एसपीओ शहीद हो गया था। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 512 के तहत सक्षम अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी जिसके बाद उसे 'फरार' घोषित कर दिया गया।
रियासी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 06.12.2001 को उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था। मोहम्मद मंशा 2000 से 2007 के बीच एक सक्रिय आतंकवादी था और उसने 2007 में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि आत्मसमर्पण करने के बावजूद वह कानूनी प्रक्रिया से बचता रहा और कानून की पकड़ से दूर रहा। वह 2000 से 2007 के बीच दर्ज 13 आपराधिक मामलों में वांछित था।
इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना और आर्म्स एक्ट का उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। लगातार प्रयासों, सटीक योजना और विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर महोर पुलिस स्टेशन और जिला 'एब्सकॉन्डर ट्रैकिंग यूनिट' (फरार अपराधियों को खोजने वाली इकाई) के जवानों की एक विशेष टीम बनाई गई।
इस टीम को अवंतीपोरा जिले के त्राल इलाके में भेजा गया था। अपनी पेशेवर दक्षता, लगन और जिलों के बीच प्रभावी तालमेल के जरिए टीम ने अवंतीपोरा पुलिस की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह गिरफ्तारी रियासी जिला पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है जिसने दो दशकों से अधिक समय से चल रही तलाश को सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह फरार अपराधियों, खासकर जघन्य अपराधों में शामिल लोगों को खोजने और उन्हें न्याय के दायरे में लाने के लिए रियासी पुलिस के दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों को दर्शाता है चाहे कितना भी समय बीत गया हो या अपराधी कहीं भी छिपा हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता