हिसार के डॉ. बलकार सिंह पूनिया को मिला बेस्ट पीजी डिप्लोमा पुरस्कार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
इग्नू के 41वें स्थापना दिवस पर यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक ने
किया सम्मानित
हिसार, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव किरोड़ी निवासी डॉ. बलकार सिंह पूनिया
को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली में पीजी डिप्लोमा
श्रेणी में बेस्ट पीजी डिप्लोमा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डॉ. पूनिया विश्वविद्यालय
में ग्रामीण विकास में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीआरडी) कार्यक्रम के समन्वयक हैं।
इग्नू के 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार काे आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय की
कुलपति प्रो. उमा कांजीलाल की उपस्थिति में मुख्य अतिथि टिम कर्टिस, निदेशक एवं प्रतिनिधि,
यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय (दक्षिण एशिया) ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान मिलने पर डॉ. पूनिया ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति का नहीं,
बल्कि सामूहिक प्रयास, सहयोग, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है। पीजीडीआरडी कार्यक्रम
के समन्वयक के रूप में यह सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गर्व और गौरव का विषय है। स्थापना
दिवस समारोह में विश्वविद्यालय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले
शैक्षणिक कार्यक्रमों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।
डॉ. पूनिया ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल ऑफ कंटिन्यूइंग एजुकेशन की निदेशक प्रो.
हीना के. बिजली, स्कूल के सभी शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों, विश्वविद्यालय
के अधिकारियों और कर्मचारियों, ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अकादमिक काउंसलर्स तथा ग्रामीण
विकास विषय के विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सम्मान को सभी के सामूहिक
योगदान का परिणाम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर