Live VNS

हरियाणा में जल्द होगी क्लर्क व समानांतर पदों पर भर्तियां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-सरकार ने मंजूर व रिक्त पदों का मांगा ब्यौरा

चंडीगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार बहुत जल्द प्रदेश में क्लर्कों तथा उसके समानांतर पदों पर भर्तियां करने की तैयारी में है। इसके लिए सभी विभागों से रिपोर्ट मांग ली गई है। मानव संसाधन विभाग (कॉमन कैडर-टू) ने शुक्रवार को सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को लिखित निर्देश जारी किए हैं।

सरकार ने विभागों को ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर भी खाली पदों की जानकारी जांचकर तुरंत अपडेट करने को कहा है। इससे क्लर्कों के कुल खाली पदों की सही संख्या सामने आ सकेगी। साथ ही, कॉमन कैडर के तहत क्लर्कों की भर्ती और नई जगह तैनाती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा। पत्र में पदों का ब्योरा भेजने के लिए कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है, लेकिन विभागों को यह काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन जून 2026 को लागू हरियाणा क्लेरिकल (भर्ती एवं सेवा शर्तें) अधिनियम, 2026 के तहत अब सभी विभागों के क्लर्कों को एक कॉमन कैडर में लाया गया है। इस व्यवस्था के तहत नियुक्ति, तैनाती और खाली पदों का प्रबंधन मानव संसाधन विभाग द्वारा किया जाता है।

अधिनियम में क्लर्क की परिभाषा में 12 श्रेणियां शामिल की गई हैं। इनमें क्लर्क, क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, टाइपिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, डायरिस्ट, डिस्पैचर, रिकॉर्ड कीपर, कैशियर, केयरटेकर, स्टोरकीपर और पीबीएक्स क्लर्क शामिल हैं। ये सभी पद अधिनियम की अनुसूची-ए में निर्धारित क्लर्क के समान कार्यात्मक वेतन स्तर पर स्वीकृत होने चाहिए।

हरियाणा में ग्रुप-सी पदों पर भर्ती के लिए आखिरी बार कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट 26 और 27 जुलाई 2025 को हुआ था। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से हुई इस परीक्षा में करीब 13.47 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 8.12 लाख पास हुए थे। परीक्षा का परिणाम पांच दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था।

नियमों के मुताबिक, सीईटी का स्कोर रिजल्ट जारी होने की तारीख से 3 साल तक वैलिड रहता है। इस हिसाब से दिसंबर 2025 में घोषित रिजल्ट दिसंबर 2028 तक मान्य रहेगा। इसी सीईटी के आधार पर क्लर्कों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…