Live VNS

बीएचयू में 630 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर तक आवेदन

बीएचयू में 630 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर तक आवेदन

BK Pathak ·

नॉन टीचिंग के ए, बी और सी वर्ग में निकलीं रिक्तियां, 353 पद नर्सिंग अफसरों के; 18 हजार से 2.09 लाख रुपये तक मिलेगा वेतन

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर है। विश्वविद्यालय के मेडिकल सेक्टर में नॉन टीचिंग के ए, बी और सी वर्ग के कुल 630 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इनमें सबसे अधिक 353 पद नर्सिंग अफसरों के हैं। इन पदों पर नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 दिसंबर को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 18 हजार से 2.09 लाख रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

बीएचयू के चिकित्सा संस्थान (आईएमएस), सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर समेत कुल 41 स्थानों पर इन पदों पर तैनाती की जाएगी। विश्वविद्यालय के भर्ती एवं मूल्यांकन प्रकोष्ठ की ओर से भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है।

ग्रुप ए में 39 पदों पर भर्ती

ग्रुप ए के तहत कुल 39 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट के तीन, चीफ नर्सिंग ऑफिसर का एक, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के दो, मेडिकल ऑफिसर के 27, मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट के दो, रेडियोलॉजिकल फिजिसिस्ट का एक और सीनियर ऑर्थोमेट्रिस्ट के तीन पद शामिल हैं।

ग्रुप बी में 407 पद, नर्सिंग ऑफिसर के 404

ग्रुप बी के तहत कुल 407 पदों पर भर्ती होगी। इनमें महिला नर्सिंग ऑफिसर के 317 और पुरुष नर्सिंग ऑफिसर के 87 पद हैं। इसके अलावा मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, जूनियर मेडिकल सोशल वर्कर, डेंटल हाइजीनिस्ट, डेंटल मैकेनिक, पंचकर्म थेरेपिस्ट, मेडिकल सोशल वर्कर, बायोफीडबैक थेरेपिस्ट और डायटीशियन के पद शामिल हैं।

ग्रुप सी में 155 पदों पर मौका

ग्रुप सी के तहत 155 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें लैब अटेंडेंट के 105, लैब अटेंडेंट (ओटी-कम-एनेस्थीसिया) के 41 पद शामिल हैं। इसके अलावा टेक्निकल असिस्टेंट, लैब असिस्टेंट, जूनियर असिस्टेंट, रेडियोलॉजी असिस्टेंट और वर्कशॉप अटेंडेंट के पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…