Live VNS

भखारा-भठेली में पंजीयन कार्यालय शुरू और जल आवर्धन योजना का हुआ भूमिपूजन

भखारा-भठेली में पंजीयन कार्यालय शुरू और जल आवर्धन योजना का हुआ भूमिपूजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

विधायक अजय चंद्राकर ने कहा: सड़क, बिजली, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार ही विकास की प्राथमिकता

धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। भखारा-भठेली क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत हुई। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने नगर पंचायत भखारा-भठेली में नवीन पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ किया और जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन किया।

इन दोनों कार्यों से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर जमीन एवं संपत्ति पंजीयन की सुविधा मिलेगी, वहीं जल आवर्धन योजना पूरी होने के बाद नगर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है। इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि भखारा-भठेली सहित पूरे कुरुद विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। विकास का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए बेहतर सड़क संपर्क, किसानों को कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली, पर्याप्त पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजीयन कार्यालय शुरू होने से लोगों को जमीन और संपत्ति के पंजीयन के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

वहीं जल आवर्धन योजना से नगर की पेयजल व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी। गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण तथा किसानों के लिए सिंचाई और बिजली की बेहतर उपलब्धता भी विकास कार्यों की प्राथमिकता में शामिल है। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि भखारा क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक था। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में आजीविका महाविद्यालय, पंजीयन कार्यालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सड़कों का चौड़ीकरण कर उन्हें प्रमुख मार्गों से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। यहां औद्योगिक पार्क, गढ़ कालोनी, पिपरिया और आमातालाब को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी और नगर के विकास में मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया। इस दौरान अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों को नवनिर्मित आवासों की चाबियां भी सौंपीं। कार्यक्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद पंचायत कुरूद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, जिला पंचायत सभापति पूजा सिन्हा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

स्थानीयस्तर पर मिल सकेगी पंजीयन की सुविधा

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने बताया कि उप पंजीयक कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को जमीन और संपत्ति के पंजीयन की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। इससे लोगों का समय और आवागमन का खर्च बचेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं भखारा-भठेली की पेयजल व्यवस्था के उन्नयन से नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…