Live VNS

रिन्यू ने सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू किया ‘रिन्यू रोशन भारत’ अभियान

रिन्यू ने सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू किया ‘रिन्यू रोशन भारत’ अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आमजन को सौर ऊर्जा के फायदों से रूबरू कराने के उद्देश्य से रिन्यू प्राइवेट लिमिटेड ने ‘रिन्यू रोशन भारत’ जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। ‘क्लीन एनर्जी हमसे है’ अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल के माध्यम से लोगों को पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम-कुसुम सहित केंद्र सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

इस अभियान का शुभारंभ जयपुर स्थित रिन्यू के सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने किया। इस अवसर पर रिन्यू की सह-संस्थापक एवं सस्टेनेबिलिटी चेयरपर्सन वैशाली निगम सिन्हा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, ईपीसी पार्टनर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स मौजूद रहे।

अभियान के तहत अगले 12 महीनों में देश के 13 से 15 राज्यों के 60 स्थानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से करीब एक करोड़ लोगों से सीधे और 100 करोड़ लोगों तक अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का प्रयास किया जाएगा। खासतौर पर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा।

इसके तहत नुक्कड़ नाटक, सामुदायिक संवाद, प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सीईएचएच पाठशाला’ के माध्यम से लोगों को सरल भाषा में बताया जाएगा कि सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली का खर्च कैसे कम किया जा सकता है। साथ ही रोजगार, आजीविका और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रेडियो, सोशल मीडिया और स्थानीय प्रभावशाली लोगों का सहयोग लिया जाएगा।

वैशाली निगम सिन्हा ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा का बदलाव तभी सफल होगा, जब इसका लाभ हर घर, किसान और छोटे कारोबार तक पहुंचेगा। अभियान के जरिए सौर ऊर्जा और सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराकर लोगों को सही निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र परिवारों को 78 हजार रुपये तक की केंद्रीय सब्सिडी मिल सकती है और प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। अब तक 63 लाख से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। वहीं पीएम-कुसुम योजना के जरिए किसानों को कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

राजस्थान में भी रिन्यू की महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हैं। राज्य के सात जिलों में कंपनी के छह गीगावॉट क्षमता के प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जबकि चार गीगावॉट क्षमता के प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं। जयपुर में चार गीगावॉट क्षमता का सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी स्थापित है।

कंपनी स्वच्छ ऊर्जा निवेश के साथ सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी काम कर रही है। राजस्थान के छह जिलों के 60 से अधिक गांवों में शिक्षा, जल संरक्षण, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी पहल संचालित की जा रही हैं। इसके तहत 80 सरकारी स्कूलों में सौर ऊर्जा सुविधा, 66 स्कूलों में डिजिटल लैब, 22 सामुदायिक तालाबों से गाद निकासी और 180 से अधिक पारंपरिक टांकों का निर्माण कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…