Live VNS

हांसी : तीन पंचायतों के खातों से 21.60 लाख गायब

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जिला परिषद के सीईओ को भेजी रिपोर्ट

हांसी, 27 नवंबर (हि.स.)। गांवों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग (एसएफसी)

की योजना के तहत पंचायतों के खातों में जमा कराई गई राशि पर साइबर ठगों ने सेंध लगा

दी। नारनौंद ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों के खातों से कुल 21 लाख 60 हजार रुपये गायब

मिले हैं। इसके अलावा ब्लॉक समिति के खातों से भी 14 लाख रुपये निकाले जाने का मामला

सामने आया है। पंचायतों की ओर से इस राशि की निकासी के लिए न तो कोई पत्र जारी किया

गया और न ही कोई रसीद दी गई। इसके बावजूद बैंक खातों से रकम निकल गई।

मामले की रिपोर्ट

तैयार कर शुक्रवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को भेज दी गई है। राज्य वित्त आयोग की ओर से गांवों के विकास कार्यों के लिए अलग-अलग समय पर

ग्राम पंचायतों के खातों में राशि भेजी जाती है। इसी राशि में गड़बड़ी सामने आने के

बाद खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) ने सभी ग्राम सचिवों को अपनी-अपनी पंचायतों

के बैंक खातों की जांच कर सही जानकारी जुटाने के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान पता

चला कि गांव कापड़ों की ग्राम पंचायत के खाते से 13 लाख रुपये, कोथ कलां की पंचायत

से 3 लाख 60 हजार रुपये और माढ़ा की पंचायत से पांच लाख रुपये गायब हैं। इस तरह तीनों

पंचायतों के खातों से कुल 21 लाख 60 हजार रुपये की निकासी हुई है। वहीं, ब्लॉक समिति

के खातों से भी 14 लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।

बैंक खातों से पंचायतों की जानकारी और अनुमति के बिना इतनी बड़ी राशि निकलने

से सरपंचों में चिंता का माहौल है। उनका सवाल है कि जब पंचायत की ओर से निकासी के लिए

कोई आदेश या दस्तावेज जारी नहीं किया गया तो बैंक खातों से रकम कैसे निकल गई। यह मामला

बैंकिंग व्यवस्था और खातों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल यह

स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ठगों ने किस तरीके से खातों से रकम निकाली। मामले की पूरी

जानकारी जिला परिषद के सीईओ को भेज दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…