Live VNS

अनूपपुर: पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं, उमेश उपाध्याय को फिर कोतवाली की जिम्मेदारी

अनूपपुर: पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं, उमेश उपाध्याय को फिर कोतवाली की जिम्मेदारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने एक महीने के प्रशिक्षण के बाद हैदराबाद से लौटते ही पहले पुलिस अधिकारियों की बैठक कर आज गुरुवार को पहली सर्जरी करते हुए जिले के एक थाने और दो पुलिस चौकियों के प्रभारियों को बदलते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

इस बदलाव में कोतमा में अधीनस्थ रहे उप निरीक्षक रामनारायण तिवारी को सरई पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वेंकटनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रवीण साहू को कोतमा थाने में अधीनस्थ किया गया है। वहीं उप निरीक्षक मंगल दुबे को करनपठार थाना प्रभारी से वेंकटनगर पुलिस चौकी प्रभारी बनाया गया है। उप निरीक्षक अनुराग अवस्थी को सरई पुलिस चौकी से करनपठार थाना प्रभारी बनाया गया है। गांजा जांच प्रकरण में हटाये गये कोतवाली थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय को फिर कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। बताया गया है कि एक महीने के प्रभार पर आए पूर्व पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने वापसी के दौरान उमेश को फिर प्रभारी बनाने का आदेश दिया था। कोतवाली के निवर्तमान प्रभारी प्रवीण साहू को वेंकटनगर चौकी भेजने के बजाय कोतमा थाने में पदस्थ किया गया है।

24 नवंबर को एसपी विक्रांत मुराब ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की थी। इसमें लंबित अपराधों, महिला संबंधी अपराधों, पॉक्सो एक्ट के मामलों, लंबित मर्ग और चालानों की थानावार समीक्षा की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…