Live VNS

कैथल : पुलिस ने चार दिन में दबाेचे डिजिटल अरेस्ट कर 1.23 करोड़ रुपये ठगने वाले दो आरोपी

कैथल : पुलिस ने चार दिन में दबाेचे डिजिटल अरेस्ट कर 1.23 करोड़ रुपये ठगने वाले दो आरोपी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कैथल, 17 नवंबर (हि.स.)। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कैथल की एक रिटायर्ड अध्यापिका से एक करोड़ 23 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार दिन के भीतर मंगलवार काे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में करीब 40 लाख रुपये फ्रीज करवाए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में एसआई सुरेंद्र, एसआई रविंद्र सिंह, एएसआई प्रदीप कुमार, एएसआई दयानंद और हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के सेक्टर-1 निवासी पीयूष तिवारी और बिहार के भागलपुर जिले के गांव मस्कद बरारीपुर निवासी पंकज के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि कैथल निवासी रिटायर्ड अध्यापिका ने शिकायत में बताया कि तीन नवंबर को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसके नाम पर केनरा बैंक में खाता है, जिसमें धोखाधड़ी की रकम आई है और उसके खिलाफ शिकायतें मिली हैं। महिला ने बैंक में खाता होने से इनकार किया तो उसे गिरफ्तार करवाने की धमकी दी गई।

इसके अगले दिन 4 नवंबर को महिला के पास व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताया और कहा कि उसके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। आरोपियों ने सरकारी मोहर लगा फर्जी वारंट भी व्हाट्सएप पर भेज दिया। इसके बाद महिला को डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहकर कैमरे के सामने रहने और किसी से बातचीत नहीं करने की हिदायत दी गई। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से राहुल गर्ग नामक फर्जी एडवोकेट को महिला के सामने पेश किया। वीडियो कॉल पर फर्जी कोर्ट की सुनवाई भी करवाई गई। इस दौरान महिला को बताया गया कि जांच के लिए उसे अपनी सारी बैंक राशि सरकारी बैंक खाते में जमा करवानी होगी। निर्दोष साबित होने पर पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिया गया। आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने अपनी एफडी तुड़वाकर 33 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद किसान विकास पत्रों की करीब 90 लाख रुपये की राशि एसबीआई खाते में ट्रांसफर करवाई गई। इसमें से 7 नवंबर को 50 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में भेज दिए गए। इसके अलावा 40 लाख रुपये बंधन बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कहा गया। इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 नवंबर को बिहार के मुजफ्फरपुर से आरोपी पंकज को गिरफ्तार किया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…