संपति देवी ने रिवर्स पलायन कर मुर्गी पालन को बनाया स्वरोजगार का जरिया
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 24 नवंबर (हि.स.)। कोरोना काल में दिल्ली से गांव लौटने के बाद संपति देवी ने परिस्थितियों को अवसर में बदला और मुर्गी पालन को अपनी आजीविका का आधार बना लिया। विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम देवल निवासी संपति देवी आज गांव में ही मुर्गी पालन की मदर यूनिट संचालित कर रही हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग और अपने निरंतर प्रयासों से उन्होंने छोटे स्तर पर शुरू किए गए काम को स्वरोजगार के व्यवस्थित उद्यम का रूप दिया है।
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनके पति नागेंद्र सिंह दिल्ली से गांव लौटे। इसके बाद परिवार ने शहर की ओर वापस जाने के बजाय गांव में ही रोजगार का साधन विकसित करने का निर्णय लिया। राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की सदस्य संपति देवी ने पति के सहयोग से सीमित संसाधनों में मुर्गी पालन शुरू किया।
शुरुआती अनुभवों से काम को आगे बढ़ाने का हौसला मिला और उन्होंने इसे बड़े स्तर पर संचालित करने की योजना बनायी। उनके इस प्रयास को विस्तार देने में ग्रामोत्थान परियोजना का सहयोग महत्वपूर्ण साबित हुआ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुर्गी पालन व्यवसाय के लिए तीन लाख की योजना स्वीकृत की गई। इसमें डेढ़ लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये परियोजना अनुदान और 75 हजार रुपये लाभार्थी अंशदान शामिल है। इस धनराशि से उन्होंने मुर्गियों के लिए सुरक्षित शेड तैयार किया और उन्नत नस्ल के चूजों, दाना-पानी तथा आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की।
आज उनकी मदर यूनिट में लगभग 300 से 400 मुर्गियां और 100 चूजे हैं। इकाई से प्रतिदिन औसतन 2,500 की बिक्री हो रही है, जिससे मासिक बिक्री करीब 75 हजार तक पहुंच रही है। दाना, दवा, बिजली और अन्य संचालन खर्चों के बाद उन्हें लगभग 18,750 प्रतिमाह का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है।
ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट के अनुसार, सम्पत्ति देवी का उद्यम ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं का अच्छा उदाहरण है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव और परियोजना के वित्तीय सहयोग से उन्हें अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप देने में मदद मिली है। उनका यह प्रयास अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविका के साधन विकसित करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह