हरियाणा में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में अपनी घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में राज्य के कई मंत्रियों, विधायकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के दौरान अब तक कुल 7988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 5743 घोषणाओं से संबंधित कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 1101 पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त, 805 घोषणाएं लंबित हैं तथा 339 घोषणाओं को क्रियान्वयन के लिए अव्यवहार्य (नॉट फिजिबल) पाया गया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान की जाने वाली घोषणाओं के लिए पहले से ही संबंधित विभागों से इनकी व्यवहारिकता के संबंध में सहमति ले ली जाती है, इसके बावजूद यदि भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य किसी कारण से घोषणा को पूरा करने के लिए क्रियान्वयन संभव नहीं हो पाता तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे लंबित घोषणाओं पर विशेष ध्यान दें और संबंधित विभागों के साथ मिलकर इनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करवाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिनों विभिन्न विभागों के बजट एवं व्यय की भी समीक्षा की गई थी, ताकि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और आवंटित बजट का निर्धारित अवधि में सदुपयोग सुनिश्चित हो।
बैठक के उपरांत 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विधायकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों और आगामी आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा