मुख्य सचिव ने की सहायक आचार्य परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को सहायक आचार्य परीक्षा-2026 के सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए। परीक्षा के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित कर ली जाएं। परीक्षा केंद्रों पर कोषागार प्रबंधन, कार्मिकों की तैनाती एवं उनके समुचित प्रशिक्षण तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी की जाए। परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सहित सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। परीक्षा कक्षों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहे।
उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के भंडारण एवं परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।
मुख्य सचिव ने परीक्षा के प्रभावी पर्यवेक्षण एवं त्वरित समन्वय के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा परीक्षा केंद्रों पर लाइव स्ट्रीमिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि सहायक आचार्य परीक्षा-2026 का आयोजन दिनांक 19 एवं 20 नवंबर, 2026 को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, मेरठ, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर एवं वाराणसी में किया जाएगा। परीक्षा दोनों दिवसों में दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें कुल 1,27,571 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। दोनों दिन प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में 2.30 से शाम 4.30 बजे तक कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा परीक्षाओं में पूरी तरह पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए अपने मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई (AI) इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम द्वारा भी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण तथा अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अमित कुमार घोष, एडीजी एलओ अमिताभ यश सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त परीक्षा से संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन