रीवा में 27 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के करीब 3500 अभ्यर्थी होंगे शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रीवा, 22 नवंबर (हि.स.)। भारतीय थल सेना द्वारा रीवा में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक अग्निवीर सैनिकों की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें रीवा सहित संभाग और प्रदेश के 15 जिलों के लगभग 3500 चयनित अभ्यर्थी शारीरिक एवं मेडिकल परीक्षण में शामिल होंगे। भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी देशमुख गौड़ा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, कटनी, जबलपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और डिंडौरी जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रतिदिन लगभग 550 से 600 उम्मीदवारों का शारीरिक एवं मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा ऑनलाइन हो चुकी है। इसमें चयनित करीब 3500 उम्मीदवार भर्ती रैली में शामिल होंगे। उनके शारीरिक और मेडिकल परीक्षण के साथ अंकसूची, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी गई व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए उप संचालक रोजगार और जिला खेल अधिकारी को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था करेगा। जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस निर्धारित संख्या में कंप्यूटर और ऑपरेटर तैनात कर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन की व्यवस्था करेंगे।
लोक निर्माण विभाग को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में प्रतिदिन पानी का छिड़काव, रोलर चलाने और बैरिकेडिंग कराने की जिम्मेदारी दी गई है। प्राचार्य आईटीआई सेना के 150 सदस्यीय दल के ठहरने के लिए आईटीआई छात्रावास और नवनिर्मित दिव्यांग छात्रावास में व्यवस्था करेंगे। यहां ठहरने, भोजन, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई के समुचित इंतजाम किए जाएंगे।
बीएसएनएल के संभागीय अधिकारी भर्ती स्थल पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराएंगे। वहीं, विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री एथलेटिक्स ट्रैक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करेंगे। जिला परिवहन अधिकारी सेना की टीम के लिए वाहन उपलब्ध कराएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए शिक्षा महाविद्यालय का हॉल उपलब्ध कराएंगे।
रात 11 बजे से होगी तैयारी, सुबह 3 बजे शुरू होगा फिजिकल टेस्ट
भर्ती रैली के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मेडिकल टीम के साथ दो एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शारीरिक परीक्षण के दौरान जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों को तत्काल उपचार मिल सके।
सेना की भर्ती टीम आईटीआई छात्रावास में ठहरेगी। छात्रावास की पार्किंग में रात 11 बजे से अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण की तैयारियां शुरू की जाएंगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह 3 बजे से फिजिकल टेस्ट प्रारंभ होगा। प्रतिदिन 550 से 600 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
भर्ती रैली को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी