Live VNS

न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में पहुंचे जीतू पटवारी को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा

न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में पहुंचे जीतू पटवारी को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रीवा, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों से संवाद करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को बुधवार देर रात क्षेत्र में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्लांट समर्थक ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया। साथ ही काले झंडे दिखाकर ‘जीतू पटवारी वापस जाओ’ और ‘पावर प्लांट यहीं लगेगा’ के नारे लगाए। इस दौरान काफी देर तक मौके पर गहमागहमी बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीतू पटवारी का काफिला जैसे ही रोझौही की ओर बढ़ा, सड़क पर पहले से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण रास्ता बंद मिला। प्लांट समर्थक ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए परियोजना के विरोध में बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप पर आपत्ति जताई।

स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग खुल सका और स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पटवारी लालगांव स्थित निर्धारित सभा स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने उपस्थित लोगों के बीच अपनी बात रखी। हालांकि, कार्यक्रम अपेक्षाकृत कम समय में समाप्त हो गया और वे रवाना हो गए।

प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में मतभेद सामने आ रहे हैं। परियोजना के समर्थक ग्रामीणों का कहना है कि इससे विंध्य क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिल सकती है। उनका तर्क है कि प्लांट लगने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

वहीं, परियोजना का विरोध कर रहे ग्रामीण जमीन, जलस्रोत, पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि परियोजना के सभी पहलुओं की स्पष्ट जानकारी देने के साथ स्थानीय लोगों की आशंकाओं का समाधान किया जाना चाहिए।

रोझौही में प्रस्तावित पावर प्लांट को लेकर अब विकास और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। एक ओर परियोजना के समर्थन में ग्रामीण लामबंद हैं, वहीं दूसरी ओर विरोध करने वाले लोग भी लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं। पटवारी के दौरे के दौरान रास्ता रोके जाने की घटना ने दोनों पक्षों के बीच मतभेद को फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन के सामने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…