Live VNS

रीवा–सीधी फोरलेन निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, दो साल में बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

रीवा–सीधी फोरलेन निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, दो साल में बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रीवा, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के रीवा से चुरहट होते हुए सीधी तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। लंबे समय से प्रस्तावित सड़क परियोजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में बेहतर आवागमन की उम्मीद बढ़ गई है। रीवा से गुढ़ के बीच कई स्थानों पर निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के लिए जमीन समतलीकरण सहित प्रारंभिक कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के तहत मौजूदा दो लेन सड़क को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए कुल 45 मीटर चौड़ाई में जमीन सुरक्षित की गई है, जबकि सड़क का वास्तविक निर्माण 24 मीटर चौड़ाई में होगा। अधिकांश हिस्से में डामर सड़क बनाई जाएगी, जबकि कुछ स्थानों पर कांक्रीट सड़क निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के लिए अधिग्रहित किसानों की जमीन का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है।

1595 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा फोरलेन

रीवा–चुरहट–सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना पर करीब 1595 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें भूमि अधिग्रहण सहित अन्य खर्च शामिल हैं। सड़क के मुख्य निर्माण कार्य के लिए 795 करोड़ रुपये का ठेका राज कॉर्पोरेशन लिमिटेड को दिया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

54.20 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण

परियोजना के तहत रीवा से चुरहट सुरंग के उत्तरी छोर तक तथा चुरहट से सीधी तक कुल 54.20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। मोहनिया घाटी के पास 2.28 किलोमीटर लंबी छह लेन की सुरंग और चुरहट में करीब 13 किलोमीटर लंबा फोरलेन बायपास पहले ही बन चुका है। शेष सड़क के चौड़ीकरण से पूरे मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

रीवा–सीधी फोरलेन बनने से दोनों जिलों के बीच यात्रा का समय घटेगा और आवागमन सुविधाजनक होगा। गुढ़ तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका विशेष लाभ मिलेगा। संभागीय मुख्यालय रीवा में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और परिवहन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद रीवा से सीधी तक सफर अधिक आसान और सुरक्षित हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…