Live VNS

सड़क हादसों में बाइक सवार चार युवकों की मौत, दो घायल

सड़क हादसों में बाइक सवार चार युवकों की मौत, दो घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बांदा, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए चार सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। कहीं दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई तो कहीं तेज रफ्तार बोलेरो और कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चार युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मटौंध थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा निवासी बृजेश यादव (28) पुत्र नाना सोमवार शाम बाइक से अपनी बहन को देखने सीएचसी जसपुरा जा रहा था। कपसा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान मिले मोबाइल नंबर से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मृतक तीन भाइयों में छोटा था और पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था।

दूसरा हादसा मटौंध थाना क्षेत्र के खैराड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। महोबा जिले के खरका गांव निवासी दिलीप (25) पुत्र मातादीन सोमवार शाम मोहनपुरवा से बाइक पर घर लौट रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दिलीप को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रही बोलेरो को पुलिस ने पकड़ लिया। दिलीप मजदूरी करता था और अविवाहित था।

तीसरी घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के शंकर बाजार के पास हुई। लहुरेटा गांव निवासी अजय (18) अपने चचेरे भाई के साथ सोमवार शाम बाइक से सामान खरीदने बाजार जा रहा था। तभी सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी नरैनी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान अजय की मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई मोहित का इलाज चल रहा है। अजय मजदूरी करता था और दो भाइयों में छोटा था।

चौथा हादसा नरैनी कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा मार्ग पर पचोखर गांव के पास हुआ। गांधी नगर निवासी राजीव उर्फ सोनू (22) सोमवार शाम पड़ोसी दीपू यादव के साथ बाइक से अपने ननिहाल अतर्रा जा रहा था। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। राजीव को पहले सीएचसी से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे कानपुर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राजीव गुजरात में मजदूरी करता था और तीन दिन पहले ही गांव आया था।

चारों हादसों में युवाओं की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। किसी ने बेटा खोया तो किसी ने भाई और घर का सहारा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस सबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि चारों शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…