कुरूद-चर्रा-कातलबोड़-नवागांव मार्ग 12 करोड़ 68 लाख की लागत से संवरेगा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने और गांवों को बारहमासी सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में कुरुद विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कुरूद से चर्रा, कातलबोड़ होते हुए नवागांव तक 8.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना पर 12 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे तीन दर्जन से अधिक गांवों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
कुरुद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के प्रयासों से आकार ले रही इस परियोजना को ग्रामीण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोक निर्माण विभाग उपसंभाग कुरुद की निगरानी में निर्माण कार्य जारी है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क की चौड़ाई 5.50 मीटर रखी गई है। परियोजना में सड़क निर्माण के साथ आवश्यकतानुसार छोटे पुल-पुलियों का निर्माण और सड़क किनारे विद्युत पोलों को व्यवस्थित करने का कार्य भी शामिल है। इससे बारिश के दिनों में पुल-पुलियों पर पानी भरने और सड़क के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सड़क बनने से चर्रा, कोकड़ी, कातलबोड़, बांगनगर, नवागांव, सिधौरीकला, कमरौद, मोगरा, खैरा, बारना, सिवनी और परसवानी सहित तीन दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों के लिए आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगा। लंबे समय से बेहतर सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग उपसंभाग कुरुद के एसडीओ एवं विभागीय अधिकारियों की निगरानी में निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसमें पांच साल की परफॉर्मेंस गारंटी का प्रावधान रखा गया है। इसके तहत निर्माण पूरा होने के बाद पांच वर्षों तक सड़क के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। इससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के साथ निर्माण के बाद भी ठेकेदार की जवाबदेही बनी रहेगी।
स्थानीय रहवासी तुकेश साहू ने कहा कि सड़क निर्माण होने से काफी राहत मिलेगी आवागमन में सुविधा होने से समय की बचत होगी दुर्घटना के समय एंबुलेंस को गंतव्य स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी। ग्राम चर्रा सरपंच कमलेश्वरी ध्रुव ने कहा कि लंबे समय से सड़क मार्ग की मांग की जा रही थी पक्की सड़क बन जाने से अब लोगों को अब काफी राहत मिलेगी दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
ग्रामीण संतोष ठेठवार ने कहा कि उबाड़ खाबड़ रास्ते से आना जाना काफी दुष्कर हो चला था देर से ही सही अब जाकर सड़क निर्माण हो रहा है, जिससे काफी राहत मिलेगी।
कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांवों की तरक्की, किसानों की खुशहाली, बच्चों के बेहतर भविष्य और आम नागरिकों की सुविधाओं का आधार होती हैं। कुरूद-चर्रा-कातलबोड़-नवागांव मार्ग का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगा।
लोनिवि उप संभाग कुरूद एसडीओ राकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए शासन के तय दिशा निर्देशों का पालन किया गया है विभाग द्वारा शासन के निर्देश के तहत ही सड़क निर्माण किया गया है। इसकी गुणवत्ता बनी रहेगी। गुणवत्ता में कमी होने पर तुरंत इसे सुधारा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा