Live VNS

जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा और नशे के खिलाफ अभियान तेज, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा और नशे के खिलाफ अभियान तेज, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सख्त निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर (हि. स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े प्रयास तेज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा करने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई और रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रात के समय सड़क स्पष्ट दिखाई देने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को इस योजना की जानकारी दी जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाने, आवारा मवेशियों पर नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी करने को कहा।

वहीं, नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की रोकथाम को लेकर आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स की नियमित एवं रेंडम जांच करने और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में पान गुमटी और गुटखा की दुकानें संचालित नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही युवाओं को खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में उपयोग हो सके।

दोनों बैठकों में अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…