छठ महापर्व को लेकर सीवान जंक्शन पर बढ़ेगी सुरक्षा, आरपीएफ के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सीवान, 12 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सीवान जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश ने आरपीएफ पोस्ट सीवान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पोस्ट की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों के साथ सुरक्षा सम्मेलन किया। इसमें छठ महापर्व के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में जवानों की ड्यूटी लगायी जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय जवानों को विशेष सतर्क रहने तथा यात्रियों को सुरक्षित चढ़ने-उतरने में सहयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने और रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों, जहरखुरानों और यात्रियों की संपत्ति चोरी करने वाले अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी करने तथा खराब कैमरों को संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र दुरुस्त कराने को भी कहा। उन्होंने जवानों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने की हिदायत दी। यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए उनकी सुरक्षा और सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। इस अवसर पर सीवान जंक्शन पर कार्यरत कुलियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने कुलियों से स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी आरपीएफ को देने में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा जतायी। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने और यात्री सुरक्षा, रेल संपत्ति की सुरक्षा तथा सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma