दिल्ली में 29 नवंबर को संघ का ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम, सरसंघचालक मोहन भागवत करेंगे संबोधित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से 29 नवंबर को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 में ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत स्वयंसेवकों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में वह संघ की आगामी दिशा, संगठन के कार्य विस्तार, सामाजिक सहभागिता और भविष्य की योजनाओं पर विचार रखेंगे।
इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केन्द्र की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम स्थल को ‘समरसता स्थल’ नाम दिया गया है। इसमें दिल्ली के हजारों पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवक शामिल होंगे। इस अवसर पर स्वयंसेवकों की ओर से शारीरिक प्रदर्शन और घोष वादन भी प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज की सज्जन शक्ति और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार, संघ ने वर्ष 2025 में अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी वर्ष की शुरुआत सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत की व्याख्यानमाला से की थी। इसके बाद व्यापक गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, सद्भाव गोष्ठियां, युवा सम्मेलन, समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद और बस्ती स्तर पर विजयादशमी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय लोगों से संपर्क एवं संवाद हुआ। ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में इन लोगों की भी सहभागिता रहेगी।
संघ के अनुसार, वह व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के ध्येय के साथ नई शताब्दी में प्रवेश कर चुका है। व्यक्ति के स्तर पर परिवार और शाखा के माध्यम से समाज में सज्जन शक्ति को साथ लेकर परिवर्तन के लिए काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ मोहन भागवत स्वयंसेवकों की भूमिका और विश्व में भारत की भूमिका के लिए समाज की तैयारी पर भी विचार रखेंगे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर